बेगूसराय में महिला से गैंगरेप, गुप्तांग से निकली गोली, पत्थर और लकड़ी के टुकड़े
Auf einen Blick
बिहार के बेगूसराय में 28 साल की महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि 11 जून की रात पांच बदमाशों ने उसके पति को कमरे में बंद कर टॉयलेट से निकलते ही उसे पकड़ लिया और बारी-बारी से रेप किया। मेडिकल जांच में महिला के गुप्तांग से गोली, पत्थर और लकड़ी के टुकड़े निकाले गए। पुलिस ने मामले की जांच के लिए मेडिकल बोर्ड और विशेष जांच दल का गठन किया है।
KI-generierte Zusammenfassung
बिहार के बेगूसराय ज़िले में 28 साल की एक युवती से गैंग रेप का मामला सामने आया है.
इस मामले में दर्ज एफ़आईआर के मुताबिक़ सिमरिया घाट के नज़दीक चकिया थाना क्षेत्र में 11 जून की रात 28 साल की महिला के साथ गैंग रेप किया गया.
महिला के पति ने दावा किया है मेडिकल जांच के दौरान महिला के गुप्तांग से गोली, पत्थर और लकड़ी के टुकड़े निकाले गए हैं.
महिला की ओर से दर्ज एफ़आईआर में तीन लोगों को अभियुक्त के तौर पर नामजद किया गया है. दो अज्ञात लोगों को भी अभियुक्त बनाया गया है.
महिला ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से बात करते हुए कहा, ''11 जून को रात करीब साढ़े ग्यारह बजे मैं घर में ही बने टॉयलेट में गई थी. तभी पांच बदमाशों ने घर में सोए मेरे पति का रूम बाहर से बंद कर दिया. टॉयलेट से निकलते ही उन बदमाशों ने मुझे पकड़ लिया.''
''फिर बदमाशों ने बारी-बारी से मेरा रेप किया. उन्होंने मेरे शरीर पर ब्लेड मार दिया और फिर मुझे पीटने लगे. मैं बेहोश हो गई. मैं टॉयलेट में पड़ी थी. ''
महिला के पति ने क्या बताया?
इस बारे में बीबीसी ने महिला के पति से बात की.
उन्होंने कहा, "पत्नी की आवाज़ सुनकर मैं घर से निकला लेकिन बाहर से गेट बंद था. मैंने पड़ोसी को फ़ोन कर गेट खुलवाया. पत्नी की हालत देखकर मैंने पुलिस को फ़ोन किया और उसे तुरंत अस्पताल ले गया. हम लोग बरौनी अस्पताल गए. हमें वहां से सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.''
पति ने कहा, ''वहां उनका इलाज किया गया लेकिन पत्नी के शरीर के अंदरूनी हिस्से में तेज़ दर्द हो रहा था. उस दौरान मेडिकल हुआ. मेडिकल जांच के बाद डॉक्टरों ने कहा कि पत्नी के साथ गैंग रेप हुआ है, इस वजह से दर्द हो रहा है. हम घर चले आए. लेकिन दर्द लगातार बना रहा तो 17 जून को फिर सदर अस्पताल पहुंचे. वहां जांच के दौरान गुप्तांग से गोली, पत्थर और लकड़ी का टुकड़ा निकाला गया. पत्नी को अभी भी दर्द है.''
बेगूसराय जिले के सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने कहा, "मैंने एक मेडिकल बोर्ड गठित करने का निर्देश दिया है. बोर्ड को मामले की गहन जांच करनी चाहिए. एक महिला डॉक्टर की अध्यक्षता में बोर्ड बनाकर जांच कराई जानी चाहिए. महिला के निजी अंगों के भीतर कुछ वस्तुएं पाई गई हैं."
महिला के पति ने बताया कि तीन महीने पहले भी तीन बदमाशों ने उनके घर में घुसकर पत्नी से रेप करने की कोशिश की थी. बदमाशों ने उनसे मारपीट भी की और घर में रखे पैसे और जेवर ले भाग गए थे.
उन्होंने कहा कि उस घटना के बारे में पुलिस को सूचना देने पर भी कार्रवाई नहीं हुई.
पुलिस ने क्या बताया
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष ने कहा, "घटना की जांच के लिए एक मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है. मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है. फ़रार अभियुक्तों को गिरफ़्तार करने के लिए तलाशी अभियान चल रहा है.''
उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''सर्वाइवर के आरोपों के आधार पर 13 तारीख को एफ़आईआर दर्ज़ की गई थी. उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया और बयान दर्ज किया गया. इस घटना का आरोपी उसी गांव का रहने वाला है. इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसके शरीर से कुछ वस्तुएं बरामद कीं. अब तक किसी की गिरफ़्तारी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है. एफ़आईआर में महिला ने बलात्कार का आरोप लगाया है और तीन लोगों को नामजद किया है.''
जबकि चकिया थाना प्रभारी राजीव कुमार रंजन ने बताया, "पुलिस इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई कर रही है. घटना में शामिल बदमाशों को गिरफ़्तार करते हुए स्पीडी ट्रायल कराया जाएगा.''

