सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके पर जयपुर में हमला, कहा - 'यह डर और कायरता की निशानी है'
L'essentiel
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर जयपुर में विरोध प्रदर्शन के दौरान हमला हुआ। दीपके ने इस हमले को डर और कायरता की निशानी बताया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई। पुलिस ने पांच युवकों को हिरासत में लिया है।
Résumé généré par IA
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके जयपुर में हुई मारपीट के बाद क्या बोले
प्रकाशित 5 मिनट पहले
पढ़ने का समय: 2 मिनट
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ सोमवार को जयपुर में मारपीट हुई है.
दरअसल, जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर सीजेपी नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रही थी.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि अभिजीत दीपके को उनके समर्थक कंधे पर बैठकार ले जा रहे थे, तभी भीड़ में से कुछ युवकों ने अचानक उन पर हमला कर दिया.
इसके बाद भीड़ ने युवकों को पीटा, हालांकि अभिजीत दीपके ने मंच से कहा कि हमला करने वाले युवकों को छोड़ दिया जाए.
इधर, कॉकरोच जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी अभिषेक जैन ने भी बीबीसी से कहा कि अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारने वालों को पुलिस ने पकड़ लिया है
जयपुर दक्षिण के डीसीपी राजर्षि राज वर्मा ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के सहयोगी पत्रकार मोहर सिंह मीणा से फ़ोन पर बताया है कि, "अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारने वाले तीन युवकों समेत पांच युवकों को डिटेन किया है. हम जांच कर रहे हैं कि यह किसी संगठन से जुड़े हुए हैं या नहीं."
मारपीट के बाद अभिजीत दीपके ने बयान जारी किया है.
दीपके ने कहा है कि हमला करना डर और कायरता की निशानी है. साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग को दोहराया.
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "फ़िज़िकल अटैक डर और कायरता की निशानी है. हम अपनी आवाज़ शांति से उठाते रहेंगे."
उन्होंने लिखा, मैं गांधी और आंबेडकर का अनुयायी हूं और इस लड़ाई को शांति और प्यार से लड़ता रहूंगा. धर्मेन्द्र प्रधान को इस्तीफ़ा देना चाहिए."
उल्लेखनीय है कि जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर सीजेपी नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और बेरोज़गारी जैसे मुद्दों को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रही थी.
अभिजीत दीपके को उनके समर्थक कंधे पर बैठाकर ले जा रहे थे, तभी कुछ युवकों ने अचानक उन पर हमला कर दिया था.
सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने भी एक्स पर लिखा, "जिन लोगों ने दीपके पर हमला किया, वो सब एक राष्ट्रीय पार्टी से जुड़े हैं. उनके चेहरे पहचान लिए गए हैं. इन सभी शरारती तत्वों को बेनक़ाब किया जाएगा."
आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सीसोदिया ने दीपके पर हुए हमले की आलोचना की.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "एक डरे हुए और भ्रष्ट राजा की गुंडों की सेना यही कर सकती है. यही लोग हैं जो नीट जैसे पेपर लीक करवाकर लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद करते हैं, और अब जब देश के युवा शिक्षा मंत्री से इस्तीफ़े की मांग कर रहे हैं, तो उन पर हमला कर रहे हैं, ये बहुत ही कायराना हरकत है."


