आयरलैंड ने बेलफ़ास्ट में पहले टी20 मैच में भारत को हराया
نظرة سريعة
आयरलैंड ने बेलफ़ास्ट में हुए पहले टी20 मैच में भारत को 34 रनों से हराकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत पर अपनी पहली जीत दर्ज की। आयरलैंड ने 182 रन बनाए, जिसके जवाब में भारतीय टीम 148 रन पर ऑल आउट हो गई।
ملخص مُنشأ بالذكاء الاصطناعي
आयरलैंड ने बेलफ़ास्ट में हुए पहले टी20 मैच में भारत को 34 रनों से हरा दिया।
ये आयरलैंड की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत पर पहली जीत है।
भारत ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया। आयरलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 182 रन बनाए।
इस स्कोर का पीछा करते हुए भारतीय टीम 148 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने 49 और शिवम दुबे ने 25 रन बनाए।
आयरलैंड की ओर से टीम के कप्तान लोर्कान टकर ने 50 और गैरेथ डेलेनी ने 49 रन बनाए।
भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि हर्षित राणा ने तीन विकेट झटके।
मैच में आयरलैंड के गेंदबाज़ों ने कमाल कर दिया।
मैथ्यू हम्फ़्रीज़ और मेट होलार्ड ने अपनी टीम के लिए तीन-तीन विकेट हासिल किए जबकि जय मूंद्रा को दो विकेट अपने नाम किए।
लेकिन भारतीय गेंदबाज़ उतने किफ़ायती साबित नहीं हुए। प्रसिद्ध कृष्णा ने 4 ओवर के स्पेल में 57 रन दे दिए, जिसमें से 27 रन एक ही ओवर में दे दिए।
क्या बोले कप्तान श्रेयस अय्यर?
मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा, "शुरुआत में हमारे गेंदबाज़ बेहद शानदार गेंदबाजी कर रहे थे। लेकिन बीच के ओवरों में हम अपनी योजना के मुताबिक़ गेंदबाज़ी नहीं कर सके और विरोधी बल्लेबाजों को सीधे मैदान के सामने की ओर शॉट खेलने का मौका दे दिया, जहां बाउंड्री छोटी थी।"
"मुझे लगा था कि गेंदबाजों ने जैसी शुरुआत दिलाई थी, उसके हिसाब से 140 रन का लक्ष्य अच्छा रहता। लेकिन हां, कप्तान के तौर पर यह शानदार शुरुआत रही।" उन्होंने हंसते हुए यह बात कही।
उन्होंने आगे कहा, "जो हुआ उसे हम पीछे छोड़ देंगे। इस मैच से हमें बहुत कुछ सीखने को मिला है। अगले मुकाबले में हम पूरी तैयारी और आक्रामक इरादे के साथ उतरेंगे।"
"शुरुआत में तेज़ गेंदबाज़ों को काफ़ी मदद मिल रही थी। शिवम अहम ओवर फेंकते हैं, इसलिए मुझे उन पर हमेशा भरोसा रहता है। चोट से वापसी कर रहे हर्षित राणा ने भी शानदार गेंदबाज़ी की।"
अय्यर ने कहा कि टीम के लिए उनका संदेश यही है कि किसी भी चीज को हल्के में नहीं लेना चाहिए।
आयरलैंड के कप्तान ने क्या कहा
आयरलैंड टीम के कप्तान लॉर्कान टकर ने कहा, "यह जीत हमारे लिए बेहद खास है। मैच के दौरान कई मुश्किल दौर आए, लेकिन हमने हार नहीं मानी और अपनी योजना पर डटे रहे।"
"भारत ने शुरुआत में शानदार गेंदबाज़ी की। गेंदबाजों ने सही लेंथ पर लगातार गेंद डाली, जिससे अच्छे शॉट खेलना हमारे लिए काफी मुश्किल हो गया। कुछ समय तक तो यह मुकाबला टेस्ट मैच जैसा महसूस हो रहा था।"
"अपने घरेलू मैदान पर विश्व चैंपियन भारत को हराना बेहद ख़ास उपलब्धि है। इसका पूरा श्रेय हमारी टीम के खिलाड़ियों और पर्दे के पीछे लगातार मेहनत करने वाले क्रिकेट आयरलैंड के सहयोगी स्टाफ़ को जाता है।"
डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों पर उन्होंने कहा, "उन्होंने काफ़ी धैर्य और जुझारूपन दिखाया। हमने भारत की गेंदबाज़ी से सीख ली और हमारे गेंदबाज़ों ने लगातार सही जगह पर गेंद डालने की शानदार क्षमता दिखाई।"
रविवार को होने वाले अगले मैच को लेकर उन्होंने कहा, "घरेलू मैदान पर भारत के ख़िलाफ़ सीरीज़ जीतना हमारे लिए बेहद ख़ास होगा। टीम के सभी खिलाड़ी फिर से मैदान पर उतरने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।"
सूर्यवंशी को जगह नहीं
इस मैच के लिए भारत के युवा तूफ़ानी बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी पर क्रिकेट फ़ैन्स की ख़ास नज़र थी, हालांकि उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली।
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "यह हमारे लिए नई पिच है। हमारी टीम के ज़्यादातर खिलाड़ियों ने यहां पहले नहीं खेला है। इसलिए हालात को देखते हुए हमने पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया।"
सूर्यवंशी के खेलने पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, "दुर्भाग्य से नहीं। वह शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन हमारी टीम में ऐसे कई खिलाड़ी हैं जिन्होंने हमारे लिए अच्छा प्रदर्शन किया है, इसलिए हम उन पर भरोसा जता रहे हैं। समय आने पर उन्हें भी मौका मिलेगा।"
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और कमेंटेटर माइकल वॉन ने सूर्यवंशी के नहीं चुने जाने पर हैरानी जताई है।
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर वॉन ने लिखा, "यक़ीन नहीं हो रहा कि भारत ने वैभव सूर्यवंशी को नहीं चुना। इस समय वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टी20 खिलाड़ियों में से एक हैं।"
लेकिन पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने सूर्यवंशी को नहीं खिलाने के भारतीय टीम प्रबंधन के फ़ैसले की तारीफ़ की।

