
डॉक्टरों के अनुसार इन्फ्लूएंजा वैक्सीन अस्पताल में भर्ती होने के खतरे को कम कर सकती है
सर्दियों में फ्लू वैक्सीन इन्फ्लूएंजा से गंभीर बीमारी और अस्पताल में भर्ती होने के खतरे को कम कर सकती है। सीडीसी और डॉक्टरों के अनुसार, बच्चों, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को यह टीका लगवाना चाहिए।
AI-generated summary
सर्दियों में सांस से जुड़ी बीमारियां बढ़ती हैं। सामान्य सर्दी-जुकाम और इन्फ्लूएंजा को अक्सर एक ही बीमारी समझ लिया जाता है, लेकिन इन्फ्लूएंजा कुछ लोगों को गंभीर रूप से बीमार कर सकता है। भारत में फ्लू वैक्सीन को लेकर जागरूकता धीरे-धीरे बढ़ रही है।
सर्दियां आते ही सांस से जुड़ी बीमारियां बढ़ने लगती हैं. लेकिन बहुत से लोग सामान्य सर्दी-जुकाम और इन्फ़्लुएंज़ा यानी फ्लू को एक ही बीमारी समझ लेते हैं.
डॉक्टरों के मुताबिक़, यहीं से दिक़्क़त बढ़ सकती है क्योंकि इन्फ़्लुएंज़ा कुछ लोगों को गंभीर रूप से बीमार कर सकता है. लापरवाही होने पर अस्पताल में भर्ती होने की नौबत भी आ सकती है.
इससे बचाव के लिए कई तरह की फ्लू वैक्सीन उपलब्ध हैं. फेफड़ों के रोगों के विशेषज्ञों का कहना है कि वैक्सीन फ्लू होने की स्थिति में बीमारी को गंभीर होने और अस्पताल में भर्ती होने का ख़तरा कम कर सकती है.
अमेरिका के सेंटर्स फ़ॉर डिज़ीज़ कंट्रोल एंड प्रिवेंशन यानी सीडीसी के मुताबिक़, इन्फ़्लुएंज़ा की वैक्सीन फ्लू और उससे होने वाली गंभीर दिक़्क़तों से बचाती है.
अस्पताल में भर्ती होने से बचा सकती है वैक्सीन!
भारत में फ्लू की वैक्सीन को लेकर जागरूकता अब धीरे-धीरे बढ़ रही है. विशाखापट्टनम के फेफड़ों के रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टर सुरेंद्र बताते हैं कि यह वैक्सीन ख़ास तौर पर उन लोगों को लगाई जाती है, जिनके गंभीर रूप से बीमार पड़ने का ख़तरा ज़्यादा होता है.
इनमें कमज़ोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले छोटे बच्चे और दिल की गंभीर बीमारी, अस्थमा या डायबिटीज़ जैसी लंबे समय से चली आ रही बीमारियों से जूझ रहे लोग शामिल हैं.
ब्रिटेन और अमेरिका में भी ऐसे कुछ वर्गों को सरकार की ओर से मुफ़्त फ्लू वैक्सीन लगाई जाती है.
अमेरिका के सेंटर्स फ़ॉर डिज़ीज़ कंट्रोल एंड प्रिवेंशन यानी सीडीसी के मुताबिक़, एडवाइज़री कमिटी ऑन इम्यूनाइज़ेशन प्रैक्टिसेज़ हर मौसम के लिए फ्लू वैक्सीन से जुड़ी सलाह जारी करती है.
यूके हेल्थ सिक्योरिटी एजेंसी में स्वास्थ्य सुरक्षा सलाहकार डॉक्टर फ़ियोना नीली ने बीबीसी से कहा, "छोटे बच्चों के अलावा अस्थमा, फेफड़ों की दूसरी बीमारियों और दिल, लिवर या किडनी की समस्याओं से जूझ रहे लोगों में फ्लू के कारण दूसरी दिक़्क़तें होने और अस्पताल में भर्ती होने का ख़तरा ज़्यादा रहता है."
किन लोगों को मुफ़्त फ्लू वैक्सीन मिलती है?
ब्रिटेन में सर्दियां शुरू होने से पहले ही फ्लू की वैक्सीन लगानी शुरू कर दी जाती है.
वहां विद्यार्थियों, गर्भवती महिलाओं और 65 साल से अधिक उम्र के लोगों को मुफ़्त वैक्सीन लगाई जाती है.
भारत में केंद्र सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट पर बताया गया है कि बच्चों को पेंटावैलेंट वैक्सीन मुफ़्त लगाई जाती है.
वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक़, यह वैक्सीन छह सप्ताह से एक साल तक के बच्चों को लगाई जाती है.
पेंटावैलेंट वैक्सीन बच्चों को पांच गंभीर बीमारियों से बचाती है.
इनमें डिप्थीरिया, पर्टुसिस यानी काली खांसी, टिटनेस, हेपेटाइटिस बी और हीमोफ़िलस इन्फ़्लुएंज़ा टाइप बी यानी हिब शामिल हैं.
सरकार के मुताबिक़, इन बीमारियों के कारण निमोनिया, मेनिनजाइटिस, लिवर का काम करना बंद होने और सांस से जुड़ी गंभीर दिक़्क़तों का ख़तरा रहता है. कुछ मामलों में ये जानलेवा भी हो सकती हैं.
पांच साल से कम उम्र के बच्चों में इसका ख़तरा ज़्यादा होता है. इसलिए सरकार तय समय के मुताबिक़ बच्चों को वैक्सीन लगवाने की सलाह देती है.
बदलते फ्लू वायरस पर वैक्सीन कैसे काम करती है?
कुछ लोगों के मन में यह सवाल होता है कि क्या फ्लू की वैक्सीन वायरस के नए रूपों पर भी असर करती है.
डॉक्टरों का कहना है कि समय के साथ फ्लू वायरस का रूप बदलता रहता है. इन बदलावों को ध्यान में रखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन के सुझावों के मुताबिक़ वैक्सीन को भी बदला जाता है.
इन्फ़्लुएंज़ा वायरस लगातार बदलते हैं. इसलिए विशेषज्ञों को पहले से अंदाज़ा लगाना होता है कि आने वाले मौसम में वायरस का कौन-सा रूप फैल सकता है.
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने फ़रवरी 2026 में इस बारे में एक अहम घोषणा की थी. संगठन ने 2026-27 के मौसम के लिए फ्लू वैक्सीन की सूची जारी की थी.
फ्लू वायरस में लगातार बदलाव के कारण विश्व स्वास्थ्य संगठन साल में दो बार वैक्सीन की सूची की समीक्षा करता है.
दुनिया के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के लिए अलग-अलग वैक्सीन की सूची तैयार की जाती है.
फ्लू वैक्सीन से कितना फ़ायदा होता है?
डॉक्टर सुरेंद्र के मुताबिक़, दिल और फेफड़ों की बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए बारिश और सर्दियों का मौसम मुश्किल हो सकता है.
ऐसे लोगों को इन्फ़्लुएंज़ा हो जाए, तो उनकी हालत गंभीर हो सकती है. कुछ मामलों में यह जानलेवा भी बन सकता है. ऐसी स्थिति से बचाने के लिए डॉक्टर फ्लू की वैक्सीन लगाने की सलाह देते हैं.
हालांकि यह वैक्सीन सामान्य सर्दी-जुकाम से नहीं बचाती.
डॉक्टर सुरेंद्र कहते हैं, "अस्थमा जैसी लंबे समय से चली आ रही बीमारी से जूझ रहे लोगों को इन्फ़्लुएंज़ा होने पर उनकी बीमारी और गंभीर हो सकती है."
"इसके बाद निमोनिया हो सकता है और अस्पताल में भर्ती करने की नौबत आ सकती है. ऐसी स्थिति से बचने में फ्लू की वैक्सीन पहले से सुरक्षा दे सकती है."
"छोटे बच्चों में भी बीमारियों से लड़ने की ताक़त कम होती है. यह वैक्सीन उन्हें भी अच्छी सुरक्षा दे सकती है."
वह कहते हैं, "इन्फ़्लुएंज़ा से बचाव के लिए हम फ्लू वैक्सीन लगाने की सलाह देते हैं. हालांकि यह नहीं कहा जा सकता कि ये वैक्सीन सौ फ़ीसदी सुरक्षा देंगी. ये भी दूसरी वैक्सीन की तरह ही काम करती हैं."
उनके मुताबिक़, वैक्सीन लगवाने से इन्फ़्लुएंज़ा के कारण होने वाले तेज़ बुख़ार, निमोनिया और फेफड़ों के संक्रमण का ख़तरा काफ़ी कम हो सकता है.
इससे फ्लू के कारण अस्पताल में भर्ती होने की आशंका भी घटती है. लंबे समय से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए भी ख़तरा कम हो सकता है.
डॉक्टर सुरेंद्र कहते हैं, "ठंडा मौसम वायरस को फैलने में मदद करता है. जिन लोगों को बीमारी का ख़तरा ज़्यादा है, वे पहले से फ्लू वैक्सीन लगवाकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बच सकते हैं."
फ्लू वैक्सीन पर हुई रिसर्च क्या कहती है?
सीडीसी की एक रिसर्च में फ्लू के कारण अस्पताल में भर्ती हुए लोगों को शामिल किया गया था.
इसमें पाया गया कि जिन लोगों ने फ्लू की वैक्सीन लगवाई थी, उनमें बीमारी की गंभीरता कम थी.
सीडीसी ने इससे जुड़ी जानकारी अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित की है.
संस्था के मुताबिक़, साल 2018 से जुटाए गए आंकड़ों में वैक्सीन लगवाने वालों की मौत और आईसीयू में भर्ती होने के मामलों में 50 फ़ीसदी तक की कमी देखी गई.
क्या गर्भवती महिलाओं और उनके बच्चों को भी सुरक्षा मिलती है?
सीडीसी के मुताबिक़, गर्भावस्था के दौरान फ्लू की वैक्सीन लगवाने से महिला को बच्चे के जन्म के बाद भी फ्लू से सुरक्षा मिल सकती है.
इसके साथ ही जन्म के बाद कुछ महीनों तक शिशु को भी फ्लू से बचाने में मदद मिल सकती है.
क्या फ्लू वैक्सीन के साइड इफ़ेक्ट होते हैं?
सीडीसी का कहना है कि फ्लू की वैक्सीन लगवाने के बाद आम तौर पर मामूली साइड इफ़ेक्ट ही दिखाई देते हैं.
इंजेक्शन लगने वाली जगह पर दर्द, लाल निशान या सूजन हो सकती है. कुछ लोगों को हल्का बुख़ार, मांसपेशियों में दर्द, जी मिचलाना या थकान भी महसूस हो सकती है.
सीडीसी ने अपनी वेबसाइट पर बताया है कि फ्लू की वैक्सीन लगवाने के बाद गिलियन-बैरे सिंड्रोम नाम की एक दुर्लभ बीमारी होने का ख़तरा मामूली रूप से बढ़ सकता है. यह नसों से जुड़ी बीमारी है.
सीडीसी के मुताबिक़, "वैक्सीन के कारण गंभीर एलर्जी, दूसरी गंभीर स्वास्थ्य समस्या या मौत होने की आशंका बहुत कम होती है."
"जिन लोगों को लगता है कि फ्लू की वैक्सीन से उन्हें नुक़सान हुआ है, उन्हें डॉक्टर से संपर्क करके सही इलाज लेना चाहिए."
वैक्सीन के बाद क्या सावधानी रखनी चाहिए?
इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजिस्ट यानी फेफड़ों के विशेषज्ञ डॉक्टर गुत्ता लोकेश ने वैक्सीन लगवाने के बाद रखी जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया.
उनका कहना है कि वैक्सीन लगवाने के बाद ज़्यादातर लोग अपने रोज़मर्रा के काम सामान्य रूप से कर सकते हैं.
इंजेक्शन लगने वाली जगह पर थोड़ा दर्द हो सकता है. शरीर में हल्की थकान या मामूली बुख़ार भी आ सकता है, लेकिन ये दिक़्क़तें आम तौर पर अपने आप ठीक हो जाती हैं.
डॉक्टर लोकेश के मुताबिक़, पूरा आराम करने और अधिक मात्रा में तरल चीज़ें लेने से राहत मिल सकती है.
उन्होंने फ्लू वैक्सीन को लेकर लोगों के मन में उठने वाले कुछ सामान्य सवालों के जवाब भी दिए.
क्या फ्लू वैक्सीन सामान्य सर्दी-जुकाम से भी बचाती है?
नहीं. सामान्य सर्दी-जुकाम कई दूसरे वायरस के कारण होता है. इसलिए फ्लू की वैक्सीन इससे नहीं बचाती.
क्या फ्लू वैक्सीन केवल इंजेक्शन के रूप में मिलती है?
फ्लू की वैक्सीन आम तौर पर इंजेक्शन के रूप में लगाई जाती है.
हालांकि कुछ देशों में ख़ास उम्र के लोगों के लिए नाक में स्प्रे की जाने वाली वैक्सीन भी उपलब्ध है.
फ्लू वैक्सीन कब लगवानी चाहिए?
वैक्सीन से मिलने वाली सुरक्षा कितने समय तक रहती है?
वैक्सीन लगवाने के लगभग दो सप्ताह में शरीर में फ्लू से सुरक्षा बन जाती है.
लेकिन समय बीतने के साथ यह सुरक्षा धीरे-धीरे कम होने लगती है. फैलने वाले फ्लू वायरस का रूप भी समय के साथ बदलता रहता है.
इसीलिए आम तौर पर हर साल फ्लू की वैक्सीन लगवाने की सलाह दी जाती है.
Lady Gaga's Born This Way Foundation and Canadian youth mental health organization Jack.org announced in May 2026 that more than 100,000 people worldwide have completed the free Be There Certificate online training programme, which teaches practical skills for recognizing mental health struggles and offering support before a crisis.
At least 19 runners were hospitalized after the Santa Barbara Half Marathon on November 8 with symptoms of undetermined cause. Police and Cottage Health are investigating whether heat or other factors were responsible, while social media rumors of drugging remain unconfirmed.
Kerala Food Safety Department deployed 56 squads across the state, conducting 160 inspections to stop unsafe cooking oil reuse. The drive led to 32 licence suspensions, 23 notices, and the disposal of 568 litres of oil and 7,000 snacks.
Doctors are turning to bacteriophages—viruses that kill bacteria—to fight antibiotic-resistant infections. A Belgian-led study of 100 patients found 77.2% clinical improvement, and international guidelines published in Nature Medicine in September 2026 bring phage therapy closer to clinical practice.
Prince George's County and the Boris L. Henson Foundation are partnering on a $30 million Healing Arts Integrative Wellness Hub in Temple Hills, Maryland, renovating the Temple Hills Community Centre to offer free hip hop therapy, arts, yoga, and mental health services, with construction expected to begin in 2026.
Nearly 100 people, including children and elderly residents, fell ill with vomiting and diarrhoea after consuming street food from a vendor in Siddharthnagar district.