माइक्रोसॉफ़्ट की सेवाएं दुनियाभर में ठप, आउटलुक ईमेल भी प्रभावित
आउटलुक, टीम्स और माइक्रोसॉफ़्ट 365 की अन्य सेवाएं गुरुवार से प्रभावित, 74 देशों में शिकायतें दर्ज
Quick Look
माइक्रोसॉफ़्ट के सर्वर गुरुवार से तकनीकी समस्या का सामना कर रहे हैं, जिससे आउटलुक, टीम्स और माइक्रोसॉफ़्ट 365 की अन्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं। भारत, चीन, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड सहित 74 देशों में शिकायतें दर्ज की गई हैं।
AI-generated summary
Why It Matters
माइक्रोसॉफ़्ट के सर्वर गुरुवार से तकनीकी समस्या का सामना कर रहे हैं। कंपनी ने बताया कि सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किए गए बदलाव उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर रहे हैं। कई सर्वर अचानक ऑफलाइन हो गए, जिससे बाकी इंफ्रास्ट्रक्चर पर दबाव बढ़ गया।
माइक्रोसॉफ़्ट के सर्वर गुरुवार से तकनीकी समस्या का सामना कर रहे हैं. इसकी वजह से आउटलुक की लोकप्रिय ईमेल सेवा समेत कंपनी के कई ऑनलाइन प्रोग्राम प्रभावित हुए हैं.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, तकनीकी समस्या शुरू होने के कई घंटे बाद भी आउटलुक ईमेल, टीम्स मैसेजिंग ऐप और माइक्रोसॉफ़्ट 365 की दूसरी सेवाएं ठप रहीं.
माइक्रोसॉफ़्ट ने अपने ताज़ा अपडेट में बताया कि सेवाओं को बेहतर बनाने और इस समस्या को ठीक करने के लिए किए गए बदलाव 'उम्मीद के मुताबिक़' काम नहीं कर रहे हैं.
कंपनी समस्या को दूर करने के लिए दूसरे विकल्पों की तलाश कर रही है. इसका मक़सद ज़्यादा से ज़्यादा यूज़र्स को उसके प्लेटफ़ॉर्म तक एक्सेस देना है, ताकि सिस्टम पर ज़रूरत से ज़्यादा दबाव न पड़े.
इससे पहले कंपनी ने चेतावनी दी थी कि जिन सेवाओं को दोबारा शुरू किया गया है, उन पर ट्रैफ़िक बढ़ने से वे फिर से काम करना बंद कर सकती हैं.
माइक्रोसॉफ़्ट के मुताबिक़, दुनिया के कई इलाक़ों में यह समस्या सामने आई है.
कंपनी ने पहले एक्स पर एक बयान में कहा था, "यह समस्या किसी भी क्षेत्र के यूज़र्स के लिए माइक्रोसॉफ़्ट 365 सेवा से कनेक्ट होने में परेशानी पैदा कर सकती है."
कंपनी ने आगे कहा, "कई सर्वर अचानक ऑफ़लाइन हो गए हैं, जिससे बाकी इंफ़्रास्ट्रक्चर पर ज़रूरत से ज़्यादा दबाव पड़ रहा है. हम उन्हें सुरक्षित तरीक़े से दोबारा शुरू करने के लिए काम कर रहे हैं."
इस तकनीकी समस्या जिसे आउटेज कहा जाता है, से भारत और चीन समेत कई देश बुरी तरह प्रभावित हुए हैं.
मुंबई स्थित बीबीसी संवाददाता रचित प्रसाद के अनुसार, भारत में स्थानीय समय के मुताबिक़ सुबह 11 बजे के बाद भी आउटेज की वजह से कई लोगों का काम प्रभावित हो रहा है. ईमेल नहीं पहुंच रहे हैं और टीम्स पर कॉल भी ठीक से नहीं हो पा रही हैं.
इक्विटी मार्केट से जुड़े कुछ लोगों ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि वे सुबह की मीटिंग से पहले रोज़ाना की रिसर्च रिपोर्ट नहीं देख पा रहे हैं, तो वे घबरा गए. इसी मीटिंग में वे दिन के अहम फ़ैसले लेते हैं.
भारत की एक बड़ी ब्रोकरेज कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी ने नाम ज़ाहिर न करने की शर्त पर कहा, "आउटलुक काम नहीं कर रहा था. सौभाग्य से हमारे पास इसका एक दूसरा विकल्प है, इसलिए कोई बड़ी परेशानी नहीं हुई. लेकिन हम अपनी ज़्यादातर कॉल, ख़ासकर बड़े क्लाइंट्स के साथ होने वाली बातचीत, टीम्स पर करते हैं. इसमें परेशानी आ रही है."
आज तिमाही नतीजे घोषित करने वाली भारतीय कंपनियां और कुछ ऐसी कंपनियां, जो पहले ही अपने नतीजे जारी कर चुकी हैं, फ़िलहाल वेट एंड वॉच की स्थिति में हैं.
इन कंपनियों ने निवेशकों और विश्लेषकों के साथ बातचीत के लिए कॉल तय कर रखी हैं.
माइक्रोसॉफ़्ट के एक प्रवक्ता ने रॉयटर्स को बताया कि यह समस्या मुख्य रूप से एक्सचेंज ऑनलाइन में है. यह वह माइक्रोसॉफ़्ट 365 के मेलबॉक्स को मैनेज करने वाली सर्विस है.
माइक्रोसॉफ़्ट 365 प्लेटफ़ॉर्म कई सेवाओं को सपोर्ट करता है. इनमें आउटलुक, ऑफ़िस सुइट, कोपायलट चैटबॉट और टीम्स इंस्टेंट मैसेजिंग सेवा शामिल हैं.
माइक्रोसॉफ़्ट की वेबसाइट के मुताबिक़, 43 करोड़ से ज़्यादा लोग माइक्रोसॉफ़्ट 365 ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं. फ़ॉर्च्यून 500 कंपनियों में से 90 फ़ीसदी से ज़्यादा कोपायलट का इस्तेमाल करती हैं.
आउटेज पर नज़र रखने वाले प्लेटफ़ॉर्म के मुताबिक़, माइक्रोसॉफ़्ट 365 का इस्तेमाल करने वाली कंपनियों की संख्या 30 लाख से 40 लाख के बीच है.
आउटेज पर नज़र रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर ने बताया कि माइक्रोसॉफ़्ट की सेवाओं में आई इस रुकावट का असर क़रीब एक घंटे के भीतर 74 देशों में देखा गया.
भारतीय समय के अनुसार, गुरुवार को रात साढ़े 11 बजे के आसपास आउटलुक में परेशानी की शिकायतें दुनिया भर में बढ़कर क़रीब 1 लाख 40 हज़ार तक पहुंच गईं. यह सामान्य स्तर से 2,000 गुना से भी ज़्यादा था.
डाउनडिटेक्टर के मुताबिक़, गुरुवार को रात 9.45 बजे के कुछ ही देर बाद पहली शिकायतें दर्ज की गई थीं.
बड़े पैमाने पर सेवाएं ठप
बीबीसी मुंडो के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया के गृह मामलों और साइबर सुरक्षा मंत्री टोनी बर्क ने कहा कि उन्होंने अपने देश में माइक्रोसॉफ़्ट के प्रतिनिधियों से बात की है. उनके मुताबिक़, कंपनी के प्रतिनिधि इसे साइबर हमले की घटना नहीं मानते.
बर्क ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा, "उनका मानना है कि यह स्थिति कुछ हद तक वैसी ही है, जैसी हमने क्राउडस्ट्राइक के मामले में देखी थी. यानी एक अपडेट में गड़बड़ी हो गई."
उन्होंने कहा कि इस समस्या का असर "मुख्य रूप से ईमेल सिस्टम पर पड़ रहा है."
माइक्रोसॉफ़्ट ने अपनी सेवाओं में आई इस रुकावट की वजह कई क्षेत्रों में अपने इंफ़्रास्ट्रक्चर पर "बहुत ज़्यादा दबाव" को बताया है.
इसका मतलब है कि उसके सर्वर अपनी सामान्य क्षमता से ज़्यादा काम कर रहे हैं.
विंडोज़ बनाने वाली कंपनी ने एक्स पर बताया कि समस्या ट्रैफ़िक बढ़ने की वजह से नहीं हुई है. इसके बजाय कई सर्वर "अचानक ऑफ़लाइन" हो गए, जिससे बाकी इंफ़्रास्ट्रक्चर पर ज़रूरत से ज़्यादा दबाव पड़ गया.
इस आउटेज का असर ओपनएआई और एंथ्रोपिक के आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस प्लेटफ़ॉर्म की सेवाओं पर भी पड़ रहा है.
न्यूज़ीलैंड की कंसल्टिंग फ़र्म गोरिल्ला टेक्नोलॉजी के पॉल स्पेन ने कहा कि अगर यह साइबर हमला नहीं है, तो यह 'अविश्वसनीय स्तर की लापरवाही' का मामला है. इसका आर्थिक असर लाखों डॉलर तक हो सकता है.
उन्होंने कहा कि ईमेल और दूसरी सेवाएं उपलब्ध नहीं होने की वजह से कंपनियों का 'लगभग एक दिन का कारोबार प्रभावित हुआ है.'
सेवाओं को बहाल करने के लिए कंपनी क्या कर रही है
माइक्रोसॉफ़्ट ने इससे पहले बताया था कि वह सेवाओं को बहाल करने के लिए "एक वैकल्पिक तरीक़े" पर काम कर रही है.
कंपनी ने कहा, "अब हम इस बदलाव को बड़े स्तर पर लागू कर रहे हैं. इसके साथ ही हम ऑटोमेटेड रिकवरी सिस्टम भी तैयार कर रहे हैं. ये सिस्टम लगातार ऐसे सर्वर की पहचान करेंगे, जो जवाब देना बंद कर चुके हैं, और उन्हें दोबारा शुरू करेंगे. इससे बदलाव लागू होने के दौरान सेवाओं को स्थिर बनाए रखने में मदद मिलेगी."
हालांकि, कुछ ही मिनट बाद कंपनी ने बताया, "अब तक उठाए गए क़दमों से हमें उम्मीद के मुताबिक़ राहत नहीं मिली है."
कंपनी ने दिन में पहले घोषणा की थी कि उसने टीम्स में आई उस तकनीकी समस्या को ठीक कर लिया है, जिससे उत्तर अमेरिका के यूज़र्स प्रभावित हुए थे. कंपनी के मुताबिक़, यह समस्या पूरी तरह ठीक हो गई थी.
बाद में कंपनी ने बताया कि इस समस्या का असर दूसरे क्षेत्रों के यूज़र्स के लिए भी माइक्रोसॉफ़्ट 365 सेवा से कनेक्ट होने पर पड़ सकता है.
चैटजीपीटी चलाने वाली कंपनी ओपनएआई ने कहा कि वह माइक्रोसॉफ़्ट कनेक्टर्स से जुड़ी एक समस्या की जांच कर रही है.
What to Watch
AI outlook — possibilities, not facts
माइक्रोसॉफ़्ट वैकल्पिक तरीके से सेवाओं को बहाल करेगा
Likely · Within hours
कुछ क्षेत्रों में सेवाएं फिर से बाधित हो सकती हैं
Possible · Within hours
Open Questions
- सेवाएं पूरी तरह कब बहाल होंगी?
- क्या यह समस्या किसी साइबर हमले के कारण है?
- भारतीय कंपनियों को कितना वित्तीय नुकसान हुआ?



