Breaking
BRFather and son are shot dead in São Gonçalo do AmarantePLHow to stop an active shooter? The police will increase emphasis on trainingITInvestigation for road homicide for the death of the physicist Cervellati, run over on the scooterTRNew development in the allegation of attack on Rojin Kabaiş's uncle: Meeting with the prosecutor will be heldCNFaker’s 13-year unbeaten streak is broken! A photo with Jen-Hsun Huang was revealed on the Internet: They were all defeated by China.ESThe Government asks the Prosecutor's Office to study the suspension of TikTok in Spain for "violation of children's rights" after detecting child sexual abuseBRPhilippines bans pork imports for 60 days; country is Brazil's biggest customerDEMonetary policy: “The schedule is tight”: Finance ministers discuss Lagarde’s successor at the top of the ECBTRThe Netanyahu era is crumbling in IsraelINTLEU aims to pick new ECB chief by year-endBRFather and son are shot dead in São Gonçalo do AmarantePLHow to stop an active shooter? The police will increase emphasis on trainingITInvestigation for road homicide for the death of the physicist Cervellati, run over on the scooterTRNew development in the allegation of attack on Rojin Kabaiş's uncle: Meeting with the prosecutor will be heldCNFaker’s 13-year unbeaten streak is broken! A photo with Jen-Hsun Huang was revealed on the Internet: They were all defeated by China.ESThe Government asks the Prosecutor's Office to study the suspension of TikTok in Spain for "violation of children's rights" after detecting child sexual abuseBRPhilippines bans pork imports for 60 days; country is Brazil's biggest customerDEMonetary policy: “The schedule is tight”: Finance ministers discuss Lagarde’s successor at the top of the ECBTRThe Netanyahu era is crumbling in IsraelINTLEU aims to pick new ECB chief by year-end
Back'मेरे मां-बाप ने साथ मरने का फ़ैसला किया और मैं वो ग़म झेलने के लिए अकेला रह गया'
'मेरे मां-बाप ने साथ मरने का फ़ैसला किया और मैं वो ग़म झेलने के लिए अकेला रह गया'
World
BBC हिंदी1 hour agoWorld7 min readIndiaView translation

'मेरे मां-बाप ने साथ मरने का फ़ैसला किया और मैं वो ग़म झेलने के लिए अकेला रह गया'

Quick Look

नीदरलैंड्स में जून 2024 में एक बुजुर्ग दंपत्ति यान और एल्स ने 'डुओ-इथनेशिया' (एक साथ इच्छामृत्यु) के तहत अपनी जिंदगी खत्म कर ली। उनकी इकलौती संतान बास ने इस मुश्किल फैसले और उसके बाद अकेलेपन के अपने गहरे भावनात्मक अनुभव को साझा किया है।

AI-generated summary

Why It Matters

नीदरलैंड्स में इथनेशिया (इच्छामृत्यु) कानूनी है, जहां गंभीर बीमारियों या असहनीय पीड़ा से जूझ रहे लोग डॉक्टर की देखरेख में जीवन समाप्त कर सकते हैं।

Font size

'मेरे मां-बाप ने साथ मरने का फ़ैसला किया और मैं वो ग़म झेलने के लिए अकेला रह गया'

जून 2024 की एक सुबह, बास अपनी कार लेकर उत्तरी नीदरलैंड के एक मरीना पहुंचा। वहां उसके माता-पिता की कैंपर वैन धूप में खड़ी थी।

उसके पिता यान और मां एल्स ने अपनी शादीशुदा ज़िंदगी का ज़्यादातर समय पानी पर बिताया था। अब वे 70 साल से ज़्यादा उम्र के हो चुके थे और हाउसबोट संभालना उनके लिए मुश्किल हो गया था। इसलिए उन्होंने अपनी कैंपर वैन को यॉट और छोटी नावों के पास खड़ा कर लिया था। यह उनके लिए अगला सबसे अच्छा विकल्प था।

यान और एल्स अपने बेटे की कार में बैठ गए। बास ने इंजन चालू किया। यह आख़िरी बार था, जब वह अपने माता-पिता को कहीं लेकर जा रहा था। यान और एल्स के लिए यह सफ़र भी आख़िरी था। वे स्थानीय हॉस्पिस जा रहे थे।

उस सुबह 10:30 बजे डॉक्टर उन्हें जानलेवा दवा देने वाले थे जिससे दोनों की एक साथ मौत हो जाती. नीदरलैंड में इसे 'डुओ-इथनेशिया' कहा जाता है. यह क़ानूनी है और बहुत कम होता है, लेकिन हर साल नीदरलैंड में कई लोग इस तरह अपनी ज़िंदगी ख़त्म करने का फ़ैसला कर रहे हैं.

हॉस्पिस में अपनी आख़िरी मुलाक़ात से तीन दिन पहले यान और एल्स ने अपनी कैंपर वैन में बीबीसी को इंटरव्यू दिया था. यान लगातार दर्द में रहते थे. इसकी वजह नीदरलैंड के अंदरूनी जलमार्गों पर सालों तक माल ढोने का काम था.

वहीं, एल्स को डिमेंशिया होने का पता चला था. उनकी कहानी दुनिया भर में चर्चा का विषय बनी और इस पर लोगों ने अपनी राय भी रखी.

अब, दो साल से ज़्यादा समय बीतने के बाद, इस दंपति की इकलौती संतान ने बताया है कि कैसे उसने अपने माता-पिता को अपनी मौत का फ़ैसला टालने के लिए मनाने की कोशिश की, जबकि वह उनके ज़िंदगी ख़त्म करने के फ़ैसले का भी सम्मान कर रहा था.

उसने बताया कि माता-पिता के इस फ़ैसले का उस पर कितना भावनात्मक बोझ पड़ा और इसके बाद उसे किस गहरी तन्हाई से गुज़रना पड़ा.

बास ने हॉस्पिस तक जाने के लिए एक ख़ूबसूरत रास्ता चुना था. इस रास्ते में फ़्रीसलैंड के हरे-भरे मैदान और नहरें पड़ती थीं.

बास कहते हैं, "मुझे आज भी वह पूरा सफ़र याद है." उनकी मां पीछे की सीट पर बैठी थीं और पिता उनके बगल में थे. शुरुआत में तीनों ने आपस में बातें कीं. एल्स अपने जीवन को ख़त्म करने के लिए इच्छामृत्यु चुनने के फ़ैसले पर पूरी तरह अडिग लग रही थीं.

बास कहते हैं, "मेरी मां इस फ़ैसले को लेकर पूरी तरह आश्वस्त थीं. उन्हें कोई शक नहीं था. लेकिन मेरे पिता थोड़े भावुक थे."

यान ने अपने बेटे से पूछा कि क्या वे सही फ़ैसला ले रहे हैं. यह सुनकर बास हैरान रह गए. उन्हें लगा था कि शायद उनकी मां के मन में आख़िरी वक़्त पर कोई संदेह होगा.

वह कहते हैं, "मेरी मां को हमेशा से ज़िंदगी बहुत पसंद थी. मुझे याद है, उन्होंने एक बार कहा था, 'मैं 80 या शायद 90 साल तक जीना चाहूंगी.'"

लेकिन उनके पिता कई सालों से दर्द झेल रहे थे और इसी वजह से एक दशक से भी ज़्यादा समय से इच्छामृत्यु की बात कर रहे थे.

कार में बास ने अपने पिता को भरोसा दिलाया कि वे सही फ़ैसला ले रहे हैं. यान के शांत होने के बाद तीनों बिना कुछ बोले सफ़र करने लगे. वे संगीत सुनते रहे और खिड़की से बाहर गुज़रते नज़ारों को देखते रहे.

इस सफ़र से कुछ महीने पहले बास ने अपने माता-पिता को अपनी मौत का फ़ैसला टालने के लिए मनाने की कोशिश की थी.

बास कहते हैं, "मैंने उन्हें कुछ और समय तक ज़िंदा रहने के लिए मनाने की कोशिश की. मैंने कहा कि वे ऐसा क्यों नहीं करते कि सर्दियों तक या अगले साल तक इंतज़ार कर लें?"

बास ख़ुद भी असमंजस में थे. उन्हें लगता था कि उनके माता-पिता का इच्छामृत्यु मांगने का फ़ैसला सही है, लेकिन वह उन्हें खोना नहीं चाहते थे.

वह कहते हैं, "मेरे पिता 10 से 15 साल से इस हालत में थे. शायद वह कुछ और साल इसी तरह गुज़ार सकते थे. लेकिन मुझे लगता था कि अगर हम एक साल और इंतज़ार करते, तो मेरी मां की हालत बिगड़ने लगती."

अगर एल्स इच्छामृत्यु के लिए आवेदन करने में देर करतीं, तो उनका अल्ज़ाइमर बढ़ने का ख़तरा था. ऐसा होने पर हो सकता था कि उन्हें अपनी ज़िंदगी ख़त्म करने का फ़ैसला लेने में सक्षम न माना जाता.

बास ने कार पार्क करने की जगह ढूंढ ली.

उनके पिता ने कार को अलविदा कहा. बास की कार उन्हें पसंद थी. उन्होंने कहा, "बहुत अच्छा" और "शुक्रिया".

बास कहते हैं, "इसके बाद हम अंदर गए. ज़रा सोचिए, उनके लिए यह सब कैसा रहा होगा. उनकी जगह ख़ुद को रखकर देखिए. यह सफ़र और फिर अंदर तक पैदल चलना. यह सब इतना अवास्तविक लगता है."

अगले दो घंटों तक परिवार के लोग और दोस्त आते-जाते रहे. उन्होंने पुरानी यादें ताज़ा कीं और संगीत सुना. एक वक़्त ऐसा भी आया, जब बास के मन में सब कुछ रोक देने का ख़्याल आया.

वह कहते हैं, "मेरे मन में आया कि ठीक है, चलो यहां से चलते हैं. कार में बैठते हैं और यहां से निकल जाते हैं. लेकिन मैं ऐसी कोई बात नहीं कहना चाहता था, जिससे उनके मन में कोई दुविधा पैदा हो. मैंने इच्छामृत्यु की पूरी प्रक्रिया में उनका साथ दिया था."

"मुझे लगा कि सबको शांत रखना और इस वक़्त का इस्तेमाल एक-दूसरे को अलविदा कहने के लिए करना ही बेहतर होगा."

सुबह करीब 10:30 बजे डॉक्टर पहुंचे. उन्होंने यान और एल्स को जानलेवा दवा का इंजेक्शन दिया. दोनों अस्पताल के बिस्तरों पर एक-दूसरे के बगल में लेटे थे. आख़िरी पलों में, बेहोश होने से पहले, बास ने अपने माता-पिता के बीच का प्यार और जुड़ाव देखा.

वह कहते हैं, "मैंने अपनी पूरी ज़िंदगी में उन्हें शायद तीन-चार बार ही हाथ में हाथ डालकर चलते देखा था. लेकिन उस वक़्त वे दोनों हाथों में हाथ डाले लेटे थे. यह देखकर मुझे बहुत अच्छा लगा कि वे सचमुच यह सब साथ कर रहे हैं."

बास बताते हैं कि माता-पिता की सांसें रुकने के बाद का पहला आधा घंटा उनके लिए "एक तथ्य जैसा" था. यानी अब वे ज़िंदा नहीं थे.

वह कहते हैं, "फिर आपको एहसास होता है कि असल में क्या हो चुका है. उस एहसास को शब्दों में बयां करना नामुमकिन है."

हॉस्पिस में बास को दुख का गहरा एहसास हुआ. उन्हें बहुत अकेलापन महसूस होने लगा.

वह कहते हैं, "किसी अपने को खोने का दुख बहुत, बहुत गहरा होता है. मेरा कोई भाई या बहन भी नहीं है. मुझे सचमुच बहुत अकेलापन महसूस हुआ."

अगर हम माता-पिता के साथ बड़े हुए हैं, तो उनमें से एक की मौत के बाद हम दूसरे के साथ अपनी यादें और दुख साझा कर सकते हैं. यह किसी अपने को खोने के बाद दुख से उबरने की प्रक्रिया का हिस्सा होता है. लेकिन यान और एल्स दोनों ही जा चुके थे.

बास याद करते हैं, "ऐसा लगा जैसे मेरे पैरों के नीचे से ज़मीन खींच ली गई हो."

उनका दुख शारीरिक रूप से भी महसूस हुआ. चार-पांच हफ़्तों तक उनकी तबीयत ख़राब रही और शरीर में दर्द होता रहा.

वह कहते हैं, "मैं दूसरों को ऐसा करने की सलाह नहीं दूंगा. शायद यह निष्कर्ष निकालना थोड़ा मुश्किल है. हो सकता है कि मेरे माता-पिता के लिए यह सबसे अच्छा विकल्प रहा हो, लेकिन एक ही वक़्त में उन दोनों को खोने का मुझ पर बहुत गहरा असर पड़ा."

नीदरलैंड्स में इच्छामृत्यु के लिए आवेदन करने की योजना बना रहे लोगों के लिए, ख़ासकर एल्स की तरह डिमेंशिया से जूझ रहे लोगों के लिए, ज़िंदगी ख़त्म करने का सही वक़्त चुनना मुश्किल हो सकता है.

2024 में नीदरलैंड्स में 9,958 लोगों ने इच्छामृत्यु के ज़रिए अपनी ज़िंदगी ख़त्म की.

इनमें से 427 लोग डिमेंशिया से पीड़ित थे. छह लोगों को डिमेंशिया गंभीर अवस्था में था.

उसी साल 108 लोगों ने जोड़े के रूप में इच्छामृत्यु चुनी. यानी 54 जोड़ों ने ऐसा किया.

इच्छामृत्यु की अनुमति पाने के लिए लोगों को यह साबित करना होता है कि वे असहनीय तकलीफ़ से गुज़र रहे हैं. साथ ही, डॉक्टरों को यह भी सुनिश्चित करना होता है कि उनमें ख़ुद यह फ़ैसला लेने की क्षमता अब भी मौजूद है कि वे अपनी ज़िंदगी ख़त्म करना चाहते हैं.

रॉटरडैम के इरास्मस मेडिकल सेंटर में बुज़ुर्गों के इलाज की विशेषज्ञ और एथिक्स की जानकार डॉक्टर रोज़माराइन वान ब्रुखेम बताती हैं कि इस वजह से इच्छामृत्यु के बारे में सोच रहे डिमेंशिया के मरीज़ों को बहुत मानसिक परेशानी हो सकती है.

वह कहती हैं, "वे सोचते हैं... अभी यह फ़ैसला लेने की क्षमता मुझमें है, लेकिन अभी बहुत जल्दी होगी. मगर हो सकता है कि अगले महीने तक बहुत देर हो जाए. तो मैं कैसे तय करूं कि मुझे यह प्रक्रिया कब शुरू करनी चाहिए, ताकि पता चल सके कि मैं तय शर्तें पूरी करता हूं या नहीं और मुझे इच्छामृत्यु मिल सकती है या नहीं? और अगर मैंने बहुत इंतज़ार किया, तो क्या कहीं ऐसा न हो कि सही वक़्त निकल जाए?"

डॉक्टर वान ब्रुखेम कहती हैं कि नीदरलैंड्स में इच्छामृत्यु क़ानूनी होने की वजह से ही उनके मरीज़ इस तरह की चिंता से गुज़रते हैं. उन्हें यह भी पता होता है कि गंभीर डिमेंशिया के मामलों में इच्छामृत्यु की अनुमति मिलना बहुत दुर्लभ है.

वहीं, ब्रिटेन जैसे देशों में, जहां इच्छामृत्यु की अनुमति नहीं है, डिमेंशिया से पीड़ित लोगों को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है. लेकिन उन्हें आम तौर पर ज़िंदगी और मौत से जुड़े ऐसे विकल्पों के बीच चुनाव नहीं करना पड़ता, जैसा एल्स को करना पड़ा.

2024 में एल्स ने बीबीसी को बताया था कि वह और उनके पति इंतज़ार नहीं कर सकते थे, क्योंकि इस बात का ख़तरा था कि उनका अल्ज़ाइमर बढ़ सकता है. यान भी एल्स के साथ ही अपनी ज़िंदगी ख़त्म करने के फ़ैसले पर अडिग थे.

उन्होंने बीबीसी से कहा था कि शायद वह कुछ जल्दी जा रहे थे, लेकिन वह अपनी ज़िंदगी जी चुके थे. उनकी ज़िंदगी पूरी हो चुकी थी.

यान और एल्स इस बात को अच्छी तरह समझते थे कि ज़िंदगी ख़त्म करने के उनके फ़ैसले का उनके बेटे पर कितना बोझ पड़ेगा.

इच्छामृत्यु की प्रक्रिया के दौरान बास अपने माता-पिता के साथ उन सभी मुलाक़ातों में मौजूद रहे, जो उन्होंने अलग-अलग डॉक्टरों से की थीं. परिवार में इस बारे में खुलकर बातचीत होती थी.

अक्सर किसी अपने की मौत के बाद हमें इस बात का अफ़सोस रह जाता है कि हम उनसे कुछ कह नहीं पाए. लेकिन बास के साथ ऐसा नहीं हुआ. सोमवार, 3 जून को हॉस्पिस में माता-पिता की तय मुलाक़ात से दो दिन पहले उन्होंने दोनों को एक ख़त लिखा.

बास कहते हैं, "वह क़रीब आठ पन्नों का ख़त था. शनिवार की देर रात, यानी उस दिन से दो दिन पहले, मैं कैंपर वैन में गया. मैंने उन्हें पूरा ख़त पढ़कर सुनाया. उसमें हमारी ज़िंदगी के बारे में बातें थीं और मैंने उन्हें उन सब चीज़ों के लिए शुक्रिया कहा, जो उन्होंने मेरे लिए की थीं."

लेकिन उस आख़िरी शनिवार की रात कैंपर वैन में यह बदल गया. यान ने बास को गले लगाया.

बास कहते हैं, "उन्होंने ख़त पढ़ने के बाद ऐसा किया. शायद वह मेरी ज़िंदगी के सबसे अच्छे पलों में से एक था. उस वक़्त सब कुछ कह दिया गया था।"

Open Questions

  • क्या डिमेंशिया के मामलों में कानून और सख्त किए जाएंगे?
  • इस तरह के मामलों में परिवारों को दीर्घकालिक कौन सा मनोवैज्ञानिक समर्थन मिलता है?

Related Topics

This article was originally published by BBC हिंदी.

Related Stories