'मेरे कोच में लोग शराब पी रहे हैं'- हिमश्री ने आख़िरी कॉल में परिवार को बताया, फिर क्या हुआ?
Quick Look
असम की रहने वाली हिमश्री बोरो विशाखापट्टनम से डांस कार्यक्रम में भाग लेने के बाद परीक्षा देने घर लौट रही थीं, जब उन्होंने परिवार को फोन करके बताया कि ट्रेन के कोच में कुछ पुरुष यात्री शराब पी रहे हैं और उन्हें डर लग रहा है। कुछ देर बाद उनका फोन बंद हो गया और अगले दिन उनका शव श्रीकाकुलम जिले में रेलवे ट्रैक के किनारे मिला। पुलिस और असम सरकार जांच कर रही है कि क्या यह हादसा था या हत्या।
AI-generated summary
Why It Matters
हिमश्री बोरो असम के गुवाहाटी की रहने वाली थीं और एक डांस टीम के साथ विशाखापट्टनम में एक कार्यक्रम में भाग लेने गई थीं। परीक्षा के कारण वे घर लौट रही थीं जब घटना घटी।
मेरे कोच में लोग शराब पी रहे हैं'- हिमश्री ने आख़िरी कॉल में परिवार को बताया, फिर क्या हुआ?
Author, लक्कोजु श्रीनिवास
पदनाम, बीबीसी न्यूज़ तेलुगु के लिए
प्रकाशित 2 मिनट पहले
पढ़ने का समय: 8 मिनट
एक डांस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए असम से विशाखापट्टनम आईं हिमश्री बोरो परीक्षा देने के लिए वापस अपने घर के लिए रवाना हुई थीं.
वह कन्याकुमारी- डिब्रूगढ़ के बीच चलने वाली विवेक एक्सप्रेस में सफ़र कर रही थीं. उन्होंने परिवार को फोन करके बताया कि जिस कोच में वह सवार थीं, उसमें कुछ लोग शराब पी रहे हैं और उन्हें डर लग रहा है. कुछ देर बाद उनका फोन बंद हो गया.
अगले दिन श्रीकाकुलम ज़िले में रेलवे ट्रैक के किनारे उनका शव मिला.
पुलिस के मुताबिक़, ये सारी घटनाएं 5 अक्तूबर की शाम से 7 अक्तूबर की सुबह के बीच हुईं.
क्या हिमश्री दुर्घटनावश ट्रेन से गिर गई थीं? या किसी ने उन्हें धक्का दिया था? आख़िर उस रात ट्रेन में क्या हुआ था?
रेलवे सुरक्षा कर्मचारियों को सूचना मिलने के बावजूद वे उन्हें क्यों नहीं ढूंढ पाए? इन सवालों के जवाब जानने के लिए आंध्र प्रदेश और असम पुलिस जांच कर रही है.
हिमश्री की मौत की पूरी जांच की मांग करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को पत्र लिखा है.
असम से विशाखापट्टनम गई थीं हिमश्री
असम के गुवाहाटी के बोंडा इलाक़े की रहने वाली हिमश्री बोरो एक डांस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए एक टीम के साथ विशाखापट्टनम आई थीं.
छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें
सबसे अधिक पढ़ी गईं
समाप्त
टीम के बाकी सदस्य वहीं रुक गए, लेकिन अगले दिन परीक्षा होने की वजह से उन्होंने अपने घर लौटने का फ़ैसला किया.
श्रीकाकुलम के एसपी के.वी. महेश्वर रेड्डी ने बताया कि हिमश्री ने 5 अक्टूबर को गुवाहाटी जाने के लिए ट्रेन का टिकट लेने की कोशिश की, लेकिन रिज़र्वेशन नहीं मिला.
उन्होंने बीबीसी को बताया कि इसके बाद हिमश्री ने जनरल टिकट लिया और कन्याकुमारी- डिब्रूगढ़ के बीच चलने वाली विवेक एक्सप्रेस में सवार हुईं.
एसपी ने बताया कि ट्रेन में पहले से ही बहुत भीड़ थी. इस वजह से हिमश्री को सीट नहीं मिली और वह कोच के दरवाज़े के पास ही खड़ी रहीं.
उन्होंने बताया कि रिज़र्वेशन नहीं कराने वाले यात्री भी स्लीपर कोच में चढ़ गए थे. इसलिए उस कोच में काफ़ी भीड़ थी.
फ़ोन कर बताया- 'ट्रेन में डर लग रहा है'
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
Dinbhar: आवाज़ वही, अंदाज़ नया
देश - दुनिया की बड़ी ख़बरें जिन्होंने बटोरी सुर्खियां.
एपिसोड
समाप्त
हिमश्री एस-2 कोच में सफ़र कर रही थीं. आधी रात के समय उन्होंने परिवार से फोन पर बात की. परिवार के मुताबिक़, उन्होंने बताया था कि कोच में कुछ पुरुष यात्री शराब पी रहे हैं और उन्हें डर लग रहा है.
परिवार ने बताया कि रात करीब 2.30 बजे के बाद उन्होंने हिमश्री को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.
इसके बाद परिवार ने रेलवे हेल्पलाइन 139 और गुवाहाटी रेलवे पुलिस को इसकी जानकारी दी.
श्रीकाकुलम के एसपी ने बताया कि हिमश्री ने अपनी एक दोस्त को भी कोच के हालात का वीडियो भेजा था. पुलिस इस वीडियो में शराब पीते दिख रहे लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है.
हालांकि, एसपी ने कहा कि वीडियो में ऐसा कुछ ख़ास संदिग्ध नहीं दिख रहा है. इसके बावजूद पुलिस वीडियो में दिख रहे लोगों को ट्रैक कर रही है.
एसपी ने बताया कि हेल्पलाइन पर सूचना दिए जाने के समय हिमश्री किस कोच में सफ़र कर रही थीं, इसकी जानकारी साफ़ तौर पर नहीं दी गई थी.
एसपी महेश्वर रेड्डी ने बीबीसी से कहा, "विजयनगरम स्टेशन पार करने के बाद फोन आया था. इसके बाद अगला स्टेशन आमदालवलसा था, इसलिए वहां रेलवे सुरक्षा कर्मचारियों ने उन्हें तलाशने की कोशिश की. लेकिन उनका पता नहीं चल सका."
पटरी के किनारे मिला शव
7 अक्तूबर को श्रीकाकुलम ज़िले के आमदालवलसा-पोंदुरु रेलवे सेक्शन में बोड्डेपल्ली पेट के पास रेलवे पुलिस ने पटरी के किनारे हिमश्री का शव बरामद किया.
उनके दो बैग उस ट्रेन के कोच में ही मिले, जिसमें वह सफ़र कर रही थीं.
शव के पास मिले आधार कार्ड की जानकारी के आधार पर परिवार को इसकी सूचना दी गई. इसके बाद शव को श्रीकाकुलम के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. परिवार के लोग श्रीकाकुलम पहुंचे और शव की पहचान की.
इसके बाद उन्होंने एसपी के.वी. महेश्वर रेड्डी से मुलाक़ात की और अपनी आशंकाएं बताईं.
उन्होंने मांग की कि उनकी बेटी ने ट्रेन में डर लगने की बात कही थी, उसके साथ क्या हुआ, इसका पता लगाया जाए और मामले की पूरी जांच की जाए.
हादसा या हत्या?
हिमश्री की मौत की वजह जानने के लिए पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है.
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वह दुर्घटनावश ट्रेन से गिर गई थीं? क्या किसी ने जानबूझकर उन्हें धक्का दिया? क्या ट्रेन में उनके साथ किसी तरह की बदसलूकी हुई थी?
श्रीकाकुलम के एसपी के.वी. महेश्वर रेड्डी के मुताबिक़, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उन पर शारीरिक हमला होने के कोई सबूत नहीं मिले हैं.
हालांकि, उन्होंने कहा कि हिमश्री दुर्घटनावश ट्रेन से गिरी थीं या इसकी कोई और वजह थी, यह जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगा.
पुलिस ने ट्रेन में सफ़र करने वाले कुछ यात्रियों से पूछताछ की है. एसपी ने बताया कि अब तक जिन यात्रियों से पूछताछ हुई है, उनमें से किसी ने भी ट्रेन में ऐसी कोई घटना होने की बात नहीं कही है.
उन्होंने बताया कि बिना रिज़र्वेशन यात्रा करने वाले यात्रियों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है. उन्हें पहचानने की कोशिश जारी है.
'कोच में ज़्यादा पुरुष होने की वजह से वह डर गई होंगी'
इस घटना की जांच के लिए असम सरकार ने एक विशेष जांच अधिकारी नियुक्त किया है.
असम के आईजी जीवी शिवप्रसाद श्रीकाकुलम पहुंचे और स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस से बात करके मामले की जानकारी जुटाई.
जीवी शिवप्रसाद ने कहा, "कई पहलुओं से जांच की जा रही है. कोच में मौजूद सभी यात्रियों से संपर्क किया गया है. अब तक ऐसा कोई मज़बूत सुराग नहीं मिला है, जिससे कोई संदिग्ध बात सामने आए. कोच में ज़्यादातर पुरुष होने की वजह से वह डर गई होंगी. यह हादसा था या किसी ने जानबूझकर ऐसा किया, यह जांच में पता चलेगा."
उन्होंने बताया कि हिमश्री के फोन में मौजूद वीडियो की भी जांच की गई है.
उन्होंने साफ़ किया कि वीडियो से जुड़े पहलुओं की जांच पूरी होने तक उनकी मौत की वजह के बारे में कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता.
क्या डांस टीम में पारिश्रमिक को लेकर कोई विवाद था?
हिमश्री की मौत से पहले डांस टीम में पारिश्रमिक के भुगतान को लेकर विवाद हुआ था. असम के दिमोरिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. तपन दास ने यह बात कही है.
द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, उन्होंने बताया कि विशाखापट्टनम में कार्यक्रम के आयोजकों से अपना बकाया पारिश्रमिक मांगने पर टीम के दो युवकों के साथ मारपीट की गई थी.
उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद डांस टीम हॉस्टल छोड़कर रेलवे स्टेशन पहुंची थी.
उन्होंने यह भी बताया कि जिन युवकों के साथ मारपीट हुई थी, उनमें से एक ने हिमश्री को विवेक एक्सप्रेस में चढ़ने में मदद की थी. यह बात स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में भी दिखाई देती है.
हालांकि, पारिश्रमिक के विवाद और हिमश्री की मौत के बीच कोई संबंध था या नहीं, यह अभी साफ़ नहीं है.
इन आरोपों पर कार्यक्रम आयोजकों का जवाब और पुलिस की जांच में सामने आई जानकारी का इंतज़ार है.
हिमश्री बोरो दिमोरिया विधानसभा क्षेत्र की रहने वाली थीं.
जांच के लिए विशेष टीमें
इस मामले में श्रीकाकुलम ज़िला पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है.
एसपी के.वी. महेश्वर रेड्डी की अगुआई में पुलिस की टीमें बनाई गई हैं.
चार आरपीएफ़ कर्मी भी जांच में शामिल हैं.
घटनास्थल का क्षेत्रीय फोरेंसिक साइंस लैब के विशेषज्ञों, क्लूज़ टीम, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन टीमों ने निरीक्षण किया है.
पुलिस विशाखापट्टनम रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज, हिमश्री के फोन कॉल रिकॉर्ड, उनकी यात्रा से जुड़ी जानकारी और अपनी दोस्त को भेजे गए वीडियो की जांच कर रही है.
हिमश्री बोरो की मौत की व्यापक, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने 9 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को अलग-अलग पत्र लिखे.
उन्होंने हिमश्री की ट्रेन यात्रा, उनके लापता होने और बाद में शव मिलने की परिस्थितियों की पूरी जांच कराने की मांग की.
What to Watch
AI outlook — possibilities, not facts
पुलिस जांच में हिमश्री बोरो के फोन में भेजा गया वीडियो जारी किया जाएगा और उसमें दिख रहे व्यक्तियों की पहचान की जाएगी।
Likely · Within weeks
श्रीकाकुलम जिला पुलिस की विशेष जांच दल (एसआईटी) अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट जारी करेगी।
Very likely · Within days
Open Questions
- क्या हिमश्री बोरो दुर्घटनावश ट्रेन से गिरी थीं या किसी ने उन्हें धक्का दिया?
- ट्रेन के कोच में शराब पी रहे यात्रियों की पहचान क्या है?
- हिमश्री द्वारा भेजा गया वीडियो क्या दिखाता है और क्या उसमें कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है?
- क्या डांस टीम में पारिश्रमिक को लेकर हुआ विवाद उनकी मौत से संबंधित है?



