दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के बीच पराली जलाने को लेकर राजनीतिक बहस और विवाद
दिवाली के बाद दिल्ली में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंचा, पराली जलाने और पटाखों को लेकर बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी।
Quick Look
दिवाली के बाद दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर गंभीर हो गया है। एक्यूआई 300-400 के पार है। बीजेपी और आम आदमी पार्टी पराली जलाने और पटाखों के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, जबकि विशेषज्ञ इसे मौसम और प्रदूषण के बहुआयामी स्रोतों का परिणाम मानते हैं।
AI-generated summary
Why It Matters
दिल्ली में हर साल सर्दियों के दौरान पराली जलाने, पटाखों और प्रतिकूल मौसम के कारण वायु प्रदूषण का स्तर खतरनाक हो जाता है।
दिवाली की अगली सुबह देश की राजधानी दिल्ली को कोहरे और धुंध की चादर ने ढक लिया था. सूर्योदय के बाद भी इंडिया गेट कई घंटों तक नज़रों से ओझल रहा था.
तब से दिल्ली में ख़राब एयर क्वालिटी का सिलसिला जारी है. दिल्ली सरकार के आंकड़ों के मुताबिक़ पिछले कुछ दिनों के दौरान एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई ) 300 से 400 और इससे ज़्यादा पर बरकरार है.
एक्यूआई का ये आंकड़ा गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की वजह बन सकता है. इस गंभीर वायु प्रदूषण से लोगों को सांस और फेफड़ों के अलावा अन्य बीमारियां हो सकती हैं. छोटे बच्चों की सेहत के लिए ये और भी नुक़सानदेह है.
पेशे से सिविल इंजीनियर और एक कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाने वाले वैभव गुप्ता अपने परिवार को लेकर उत्तराखंड की तरफ़ निकले थे. इंडिया गेट की तरफ़ इशारा करते हुए वो कहते हैं, "प्रदूषण बढ़ेगा ये आशंका तो थी, लेकिन इतना ज़्यादा हो जाएगा ये नहीं सोचा था. मैं अपने पिता और परिवार को लेकर उत्तराखंड जा रहा हूं, कुछ दिन में जब एक्यूआई ठीक होगा तो वापस लौटूंगा."
वैभव गुप्ता की कंस्ट्रक्शन साइट प्रदूषण से जुड़े नियम लागू होने की वजह से बंद है. एक स्कूल के प्रशासन में कार्यरत उनकी पत्नी कहती हैं, "अभी स्कूल हाइब्रिड क्लासेज़ पर हैं, अगर प्रदूषण के हालात ऐसे ही रहे तो ऑनलाइन क्लासेज की जा सकती हैं."
वैभव गुप्ता के पिता मास्क लगाए हुए कार में ही बैठे रहे. वो कहते हैं, "प्रदूषण से किसी का कारोबार प्रभावित हो रहा है तो किसी की सेहत. एक समय ऐसा आएगा जब लोग इन हालात को झेल नहीं पाएंगे."
इंडिया गेट पर ही पिछले पंद्रह साल से फ़ोटो खींचने का काम कर रहे एक कैमरामैन कहते हैं, "धुंध बढ़ गई है, आंखों में जलन हो रही है. प्रदूषण की वजह से पर्यटकों की संख्या कम हो गई है, विदेशी तो दिखाई ही नहीं दे रहे हैं."
ये पहली बार नहीं है जब दिवाली के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण अचानक बढ़ा हो. कई इलाक़ों में यह ख़तरनाक स्तर को भी पार कर गया. पिछले कई सालों से दिवाली के तुरंत बाद दिल्ली में प्रदूषण बढ़ता रहा है. दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति ( डीपीसीसी) के 8 नवंबर की रात को दर्ज डेटा के मुताबिक़ कई इलाक़ों एक्यूआई ( एयर क्वालिटी इंडेक्स ) 1500 को पार कर गया.
पर्यावरण विशेषज्ञ एक्यूआई में इस बड़ी गिरावट की वजह दिवाली पर चले पटाखों को मानते हैं. हालांकि वे चेताते हैं कि सिर्फ़ पटाखे ही प्रदूषण का कारण नहीं हैं. वरिष्ठ पत्रकार और पर्यावरण समूह वॉरियर मॉम्स की संस्थापक भवरीन कंधारी कहती हैं, "दिवाली पर चले पटाखे अचानक प्रदूषण का स्तर बढ़ा देते हैं. इस बार अच्छा ये रहा कि हवा चली नहीं तो हालात और भी मुश्किल हो सकते थे."
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के साथ ही लोगों की मुश्किलें भी बढ़ रही हैं. किसी को गले में ख़राश की शिकायत है तो किसी की आंखों में जलन हो रही है. सड़कों पर धुंध की चादर है और हवा में सांस लेना मुश्किल हो रहा है. इस बार भी दिल्ली में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और पड़ोसी राज्य पंजाब में सरकार चला रही आम आदमी पार्टी के बीच प्रदूषण को लेकर बयानबाज़ी हुई.
बीजेपी के नेता पंजाब में पराली जलाने को दिल्ली के प्रदूषण की एक बड़ी वजह बता रहे हैं, जबकि आम आदमी पार्टी का कहना है कि दिल्ली सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए पंजाब के किसानों को निशाना बना रही है.
दिवाली के अगले दिन, सोमवार नौ नवंबर को दिल्ली के श्रम मंत्री और बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में अचानक बढ़ोतरी को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि पांच से सात नवंबर के बीच पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं रोज़ाना करीब 100 से 125 थीं, लेकिन आठ नवंबर यानी दिवाली के दिन इनकी संख्या बढ़कर लगभग 1,200 हो गई.
आम आदमी पार्टी ने इन आरोपों को सिरे से ख़ारिज किया है. पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली सरकार पटाखों से होने वाले प्रदूषण की ज़िम्मेदारी से बचने के लिए किसानों को निशाना बना रही है.
शोधकर्ताओं का दावा है कि पराली जलाने से निकलने वाला धुआं दिल्ली की हवा को ख़राब करने वाले प्रदूषकों में शामिल है. लेकिन इसका योगदान हर दिन एक जैसा नहीं होता. यह इस बात पर निर्भर करता है कि कितनी पराली जलाई जा रही है, हवा किस दिशा में बह रही है और मौसम की परिस्थितियां कैसी हैं.
दिल्ली में सर्दियों के दौरान प्रदूषण बढ़ने की एक बड़ी वजह मौसम की परिस्थितियां भी हैं. ठंड के मौसम में हवा की रफ्तार कम हो जाती है. वातावरण में तापमान के पलटने यानी टेम्परेचर इन्वर्जन की स्थिति बन सकती है. ऐसी स्थिति में प्रदूषक हवा में ऊपर फैलने के बजाय ज़मीन के नज़दीक जमा रहते हैं.
What to Watch
AI outlook — possibilities, not facts
प्रदूषण के स्तर के आधार पर दिल्ली में ऑनलाइन कक्षाओं का विस्तार हो सकता है।
Likely · Within days
Open Questions
- क्या पराली जलाने की घटनाओं में दिवाली के दिन वास्तव में दस गुना वृद्धि हुई?
- प्रदूषण के स्रोतों पर दीर्घकालिक नियंत्रण के लिए सरकार की ठोस योजना क्या है?

