
स्पेन के इतिहास, संस्कृति और आवास संकट के बीच सार्वजनिक प्रेम प्रदर्शन का विश्लेषण
स्पेन में सार्वजनिक रूप से चुंबन लेना आम है, जो फ्रांसिस्को फ्रैंको की तानाशाही के बाद आए सांस्कृतिक बदलाव और आवास संकट से जुड़ा है। लेखक लुसी लवेल स्पेन के खुले सामाजिक रवैये का विश्लेषण करती हैं।
AI-generated summary
फ्रांसिस्को फ्रैंको की तानाशाही (1939-1975) के दौरान स्पेन में रूढ़िवादी कैथोलिक मूल्यों और सख्त कानूनों के माध्यम से सार्वजनिक व्यवहार नियंत्रित किया जाता था। 1975 में फ्रैंको की मौत के बाद सांस्कृतिक बदलाव आया और ला मोविदा माद्रिलेना आंदोलन ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का जश्न मनाया।
स्पेन में सार्वजनिक जगहों पर लोगों का एक-दूसरे को चूमना रोज़मर्रा की बात है. लेकिन सार्वजनिक रूप से प्यार जताने को लेकर स्पेन का यह सहज रवैया दमन और विद्रोह के एक हैरान करने वाले इतिहास की ओर इशारा करता है.
स्पेन में हर तरफ़ लोग एक-दूसरे को चूमते नज़र आते हैं. किसी से मिलने पर दोनों गालों पर बारी-बारी से चूमना तो आम बात है ही. लेकिन इसके अलावा प्रेम जताने वाले चुम्बन भी देखने को मिलते हैं.
एक बार मैं शहर की व्यस्त सड़क पर एक अधेड़ उम्र के जोड़े के पीछे फंस गई, जो रुककर एक-दूसरे को चूमने लगे थे. धूप से नहाए पार्कों में युवाओं को चूमते देखकर मुझे बीते दिनों की याद आई है.
स्पेन के वेलेंसिया के लास फ़ायस फ़ेस्टिवल में आतिशबाज़ी के बीच मैंने नशे में धुत लोगों को एक-दूसरे से लिपटकर प्यार जताते हुए भी देखा है. यहां तक कि मेरी अकाउंटेंट भी अपने ईमेल के आख़िर में 'बेसोस' (चुम्बन) लिखती हैं.
स्पेन में रहते हुए छह साल से ज़्यादा हो चुके हैं और अब मैं सार्वजनिक जगहों पर प्यार जताने के इन तरीक़ों का आदी हो गया हूं. लेकिन जब मेरी एक दोस्त जापान की यात्रा के बाद वेलेंसिया लौटी, तो उसने इन पर तुरंत ध्यान दिया.
ट्रेन स्टेशन से बाहर निकलते ही उसने एक जोड़े को बेंच पर एक-दूसरे को चूमते देखा. ऐसे देश में कुछ समय बिताने के बाद, जहां सार्वजनिक जगहों पर प्यार जताने के ऐसे सीन बहुत कम देखने को मिलते हैं, यह नज़ारा देखकर उसे राहत महसूस हुई.
इससे मेरे मन में सवाल उठा कि 'क्या स्पेन सचमुच खुलकर चूमने वालों का देश है? और सार्वजनिक जगहों पर प्यार जताने के ये नज़ारे वहां की संस्कृति और इतिहास को लेकर लोगों के नज़रिये के बारे में क्या बताते हैं?'
इसकी एक वजह यह हो सकती है कि स्पेन के लोग सार्वजनिक जगहों का इस्तेमाल किस तरह करते हैं. देश के कई हिस्सों में रोज़मर्रा की ज़िंदगी घरों के बाहर, व्यस्त सड़कों, कैफ़े और पार्कों में गुज़रती है.
यूनिवर्सिटी ऑफ़ वॉरिक के एक अध्ययन में पाया गया कि स्पेन उन देशों में शामिल है, जहां किसी नए परिचित से मिलते समय लोग एक-दूसरे से सबसे कम दूरी रखना पसंद करते हैं.
यह दूरी ग्रीस, इटली और पुर्तगाल से भी कम है. स्पेन के चहल-पहल भरे चौकों में यह रुझान साफ़ दिखाई देता है. वहां खुले में बैठने की जगहें ऐसे दोस्तों से भरी रहती हैं, जो एक-दूसरे के कंधे से कंधा मिलाकर बैठते हैं और धूप में बीयर पीते हैं.
मैड्रिड की कॉम्प्लूटेंस यूनिवर्सिटी में समाजशास्त्र की प्रोफ़ेसर अम्पारो लासेन कहती हैं कि स्पेन के लोग उत्तरी यूरोप के लोगों के मुक़ाबले शारीरिक हावभाव से अपने भाव ज़्यादा ज़ाहिर करते हैं. उन्होंने कहा, "अगर आप इसकी तुलना नॉर्डिक देशों या इंग्लैंड से करें, तो यह अंतर ज़्यादा नज़र आता है."
हो सकता है कि स्पेन के लोग दूसरे देशों के लोगों से ज़्यादा स्नेह जताने वाले न हों, बल्कि वे इसे ज़ाहिर करने में ज़्यादा सहज हों. सार्वजनिक जगहों पर चुंबन लेना ज़रूरी नहीं कि प्रेम जताने का कोई भव्य तरीक़ा हो. यह बस रोज़मर्रा की ज़िंदगी का एक स्वीकार्य हिस्सा है.
रहने के तौर-तरीक़े भी इसमें भूमिका निभा सकते हैं. स्पेन की लगभग 65 फ़ीसदी आबादी फ़्लैटों में रहती है. यूरोपीय संघ के देशों में यह सबसे बड़ा अनुपात है. वहीं, प्रॉपर्टी की आसमान छूती क़ीमतों के कारण युवाओं के लिए अपने परिवार का घर छोड़कर अलग रहना लगातार मुश्किल होता जा रहा है.
शायद स्पेन में चुम्बन को लेकर सबसे दिलचस्प बात यह है कि अब यह बिल्कुल आम हो चुका है.
लासेन का कहना है कि घरों में निजता की कमी अंतरंग पलों को सार्वजनिक जगहों तक ले जा सकती है.
वह कहती हैं, "स्पेन में आवास का संकट है. इसका मतलब है कि हम अपने दोस्तों से घरों के बजाय बाहर मिलने के ज़्यादा आदी हो गए हैं. हम बार और रेस्तरां जाते हैं. अब जोड़ों को कुछ समय अकेले बिताने के लिए किसी खाली पड़े बेंच की तलाश करनी पड़ती है. या कम से कम ऐसी जगह की, जहां वे लगभग अकेले हों."
हालांकि, लासेन का कहना है कि आवास का संकट सार्वजनिक जगहों पर प्यार जताने की असली वजह नहीं है.
इससे भी ज़्यादा अहम है इसे लेकर स्पेन का सहज रवैया.
वह कहती हैं, "अगर कोई आपको घूरकर नहीं देखता या फिर आपको इसकी परवाह ही नहीं होती, तो यही वह बात है जो सार्वजनिक जगहों पर इस तरह प्यार जताना आसान बनाती है."
28 वर्षीय इसाबेल नीएतो तूस तीन साल पहले विदेश में रहने के बाद अपने माता-पिता के घर लौट आई थीं. वह जानती हैं कि निजता की कमी में किसी के साथ डेटिंग करना कितना असहज हो सकता है.
उन्होंने कहा, "मैं अपने माता-पिता को नहीं बताना चाहती थी कि मैं किसी के घर रुक रही हूं, क्योंकि यह थोड़ा अटपटा लगता. इसलिए मैं कह देती थी कि मैं किसी दोस्त के घर रुक रही हूं."
जापान, फ़्रांस, जर्मनी और ट्यूनीशिया में रह चुकीं तूस का मानना है कि स्पेन में डेटिंग का तरीक़ा अलग है.
उनके मुताबिक़, शुरुआत से ही लोगों के बीच एक सहज गर्मजोशी होती है.
वह कहती हैं, "लोग बहुत जल्दी एक-दूसरे के क़रीब आ जाते हैं और शारीरिक रूप से भी सहज हो जाते हैं. हो सकता है कि आप किसी के साथ ऐसे रिश्ते में हों, जिसकी कोई स्पष्ट परिभाषा न हो. आप उससे सिर्फ़ दो बार मिले हों और पहले ही सार्वजनिक जगहों पर उसका हाथ थामने लगे हों और उसके काफ़ी क़रीब आ गए हों."
वह आगे कहती हैं, "मुझे लगता है कि आम तौर पर सार्वजनिक जगहों पर चुंबन लेना पूरी तरह स्वीकार्य है. घर के अंदर और बाहर के बीच कोई फ़र्क़ नहीं किया जाता. लोग निजी जगहों पर भी उसी तरह व्यवहार करते हैं, जैसे सार्वजनिक जगहों पर."
जब सार्वजनिक जगहों पर रखी जाती थी निगरानी
स्पेन में एक दौर ऐसा भी था जब ये सब आम नहीं था.
फ्रांसिस्को फ़्रैंको की तानाशाही (1939-1975) के दौरान रूढ़िवादी कैथोलिक मूल्यों और सख़्त क़ानूनों के ज़रिए सार्वजनिक व्यवहार तय किया जाता था. समलैंगिकता को अपराध माना जाता था और सार्वजनिक जगहों पर प्यार जताने पर भी निगरानी रखी जाती थी. सार्वजनिक जगहों पर चुंबन लेने के लिए जोड़ों पर जुर्माना तक लगाया जा सकता था.
1975 में फ़्रैंको की मौत के बाद स्पेन में सांस्कृतिक बदलाव आया. मैड्रिड में ला मोविदा माद्रिलेना नाम से मशहूर आंदोलन ने आज़ादी और ख़ुद को अभिव्यक्त करने के अधिकार का जश्न मनाया.
पेद्रो अल्मोदवार जैसे फ़िल्मकारों ने अतीत के रूढ़िवादी मूल्यों को चुनौती दी. जैसे-जैसे यह आंदोलन आगे बढ़ा, सार्वजनिक जीवन में प्यार का इज़हार ज़्यादा दिखाई देने लगा.
लेकिन यह बड़ा बदलाव अपने आप नहीं आया था. एलजीबीटी अधिकारों के लिए काम करने वाले कार्यकर्ता दशकों से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और उन्होंने ज़्यादा खुले समाज का रास्ता तैयार किया था.
ऐसा ही एक अहम विरोध प्रदर्शन 23 फ़रवरी 1987 को मैड्रिड में हुआ था. इससे एक साल पहले, दो महिलाओं को मैड्रिड के पुएर्ता देल सोल में एक-दूसरे को चूमने के लिए गिरफ़्तार किया गया था.
उन्हें एस्कांडालो पब्लिको (सार्वजनिक उपद्रव) क़ानून के तहत दो दिनों तक पुलिस हिरासत में रखा गया था.
उनकी हिरासत के बाद कार्यकर्ताओं ने इस मामले की ओर ध्यान खींचने के लिए बड़े पैमाने पर चुंबन प्रदर्शन आयोजित किया.
उस साल से लेकर 1990 के दशक तक मैड्रिड में होने वाली हर प्राइड परेड का समापन पुएर्ता देल सोल में चुंबन के साथ होता था. सड़क पर एक-दूसरे को चूमना शांतिपूर्ण विरोध का एक ताक़तवर तरीक़ा बन गया था. साल 1988 में सार्वजनिक उपद्रव से जुड़ा अपराध भी ख़त्म कर दिया गया.
स्पेन का खुला समाज
आज स्पेन में सार्वजनिक जगहों पर प्यार जताने के दृश्य हर तरफ़ देखे जा सकते हैं, लेकिन इस आज़ादी का अनुभव सभी को एक जैसा नहीं होता.
लासेन के मुताबिक़, सार्वजनिक बेंच पर एक-दूसरे को चूमते किसी बुज़ुर्ग जोड़े पर लोगों का ज़्यादा ध्यान जा सकता है, जबकि समलैंगिक जोड़ों को ज़्यादा निगरानी और सवालों का सामना करना पड़ सकता है.
वह कहती हैं, "हर कोई अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से ज़ाहिर करने में एक जैसा सहज नहीं होता."
वेलेंसिया में शादी की फ़ोटोग्राफ़र रह चुकीं पाउला फ़ुरियो के लिए चुम्बन किसी बहुत बड़ी चीज़ का प्रतीक है.
वह कहती हैं, "अभी बहुत कुछ किया जाना बाक़ी है, लेकिन आम तौर पर स्पेन का समाज बहुत खुला हुआ है. चुंबन तो बस शुरुआत है. इससे आपको अंदाज़ा होता है कि स्पेन में आपको कितनी आज़ादी मिल सकती है. यह आज़ादी की अभिव्यक्ति है."
इससे मुझे जापान से लौटी अपनी दोस्त की याद आई और यह भी कि बेंच पर एक जोड़े को चूमते देखकर उसे कितनी राहत मिली थी.
Two cargo ships, Bridge 1 and Bridge 2, disappeared near Iran's Kish Island on May 9 with six crew members missing. The incident highlights the rising human cost of maritime conflict in the Strait of Hormuz, where commercial vessels face increasing danger.
India's MEA condemned an alleged coordinated campaign by Chinese nationals filming in Dhaka slums and portraying them as New Delhi during livestreams, urging authorities to take action against the peddling of false narratives.

Noted social activist and founder of Barefoot College Sanjit 'Bunker' Roy died at the age of 81 on Tuesday, 10 November 2026 in Tilonia village, Rajasthan. She had made extraordinary contributions to rural development and making women technically capable.
A 60-year-old bus driver was burnt to death in Faridpur as arson attacks and crude bomb explosions rocked Dhaka and several districts, with police arresting 19 people amid heightened political tensions following the July 2024 uprising.
An explosion at the Habas Demir Celik iron and steel factory in Aliaga, Izmir, killed at least 17 workers and injured 12 others. The blast occurred during maintenance when a crane collapsed into a furnace.

Amid attacks by Yemen's Houthi rebels, Saudi Arabia's Crown Prince Mohammed bin Salman has been questioned by government opponents as to why the country's security is weak despite spending billions of dollars on entertainment and Vision 2030. Opponents have also raised concerns over ending the war and lack of US support.