Backअमेरिका: सज़ा-ए-मौत पाने वाली क़ैदी दो ज़हरीले इंजेक्शन के बाद भी ज़िंदा, अस्पताल में भर्ती
अमेरिका: सज़ा-ए-मौत पाने वाली क़ैदी दो ज़हरीले इंजेक्शन के बाद भी ज़िंदा, अस्पताल में भर्ती
Developing
BBC हिंदी3 hours agoLaw5 min readIndiaView translation

अमेरिका: सज़ा-ए-मौत पाने वाली क़ैदी दो ज़हरीले इंजेक्शन के बाद भी ज़िंदा, अस्पताल में भर्ती

क्रिस्टा पाइक को पेंटोबार्बिटल की दो सिरिंज देने के बाद भी उनकी मौत नहीं हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Quick Look

अमेरिका के टेनेसी राज्य में मौत की सज़ा पा रही क्रिस्टा पाइक को दो घातक इंजेक्शन दिए जाने के बावजूद ज़िंदा रहने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वकीलों और गवर्नर ने इस घटना की स्वतंत्र समीक्षा के आदेश दिए हैं।

AI-generated summary

Why It Matters

क्रिस्टा पाइक को 1996 में 19 साल की कोलीन स्लेमर की हत्या के लिए मौत की सज़ा सुनाई गई थी।

Font size

अमेरिका के टेनेसी राज्य में मौत की सज़ा झेल रहीं क़ैदी क्रिस्टा पाइक को दो घातक इंजेक्शन दिए गए लेकिन वो अब भी ज़िंदा हैं. इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनके वकील ने यह जानकारी दी है.

पाइक की सज़ा रोकने के लिए उनकी क़ानूनी टीम ने आख़िरी समय में एक आपातकालीन याचिका दायर की. इसमें कहा गया, "पाइक बेहोश हो गई हैं, लेकिन उनके दिल की धड़कन अभी भी चल रही है और उनके खर्राटे सुनाई दे रहे हैं."

पाइक के एक वकील ने बीबीसी को बताया कि 50 साल की पाइक को पेंटोबार्बिटल की दो सिरिंज देने के बाद अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है.

पाइक को 1996 में 19 साल की कोलीन स्लेमर की हत्या के लिए मौत की सज़ा सुनाई गई थी. उनकी सज़ा रोकने के लिए आख़िरी समय तक क़ानूनी लड़ाई चली.

इसका नतीजा यह हुआ कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने घातक इंजेक्शन देने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी.

पाइक 18 साल की थी, जब उसने अपने तत्कालीन प्रेमी टैडारिल शिप के साथ मिलकर 19 साल की स्लेमर की हत्या की थी. दोनों की मुलाक़ात परेशान किशोरों के लिए चलाए जा रहे एक जॉब ट्रेनिंग कैंप में हुई थी. उन्होंने स्लेमर को पीटा, प्रताड़ित किया और फिर उसकी हत्या कर दी.

स्लेमर की मां मे मार्टिनेज भी पाइक को मौत की सज़ा दिए जाने के पक्ष में थीं. हालिया घटनाक्रम के बारे में एनबीसी न्यूज़ से बात करते हुए उन्होंने कहा, "यह एक अजीब सी गड़बड़ थी."

सज़ा-ए-मौत की यह कोशिश नैशविले के रिवरबेंड मैक्सिमम सिक्योरिटी इंस्टीट्यूशन में स्थानीय समय के मुताबिक़ बुधवार रात करीब 8 बजे हुई.

एपी समाचार एजेंसी के मुताबिक़, पाइक को मारने के लिए पेंटोबार्बिटल नामक दवा की दो खुराकें दी गईं. इस दौरान गवाह कक्ष का पर्दा दो बार बंद किया गया.

एपी ने बताया कि कुछ देर बाद वहां मौजूद मीडियाकर्मियों को जाने के लिए कहा गया.

टेनेसी की सज़ा के प्रोटोकॉल में दवाओं की सिरिंज का दूसरा सेट रखने का प्रावधान है. अगर पहला सेट इस्तेमाल करने के बाद व्यक्ति की मौत नहीं होती, तो दूसरे सेट का इस्तेमाल किया जा सकता है.

हालांकि, प्रोटोकॉल में यह साफ़ नहीं बताया गया है कि अगर दूसरे सेट की सिरिंज देने के बाद भी व्यक्ति ज़िंदा रहता है तो क्या किया जाएगा. जैसा कि पाइक के केस में हुआ.

अमेरिकी मीडिया को दिए एक बयान में टेनेसी के गवर्नर बिल ली ने कहा कि उन्होंने "असल में क्या हुआ, यह पता लगाने के लिए एक स्वतंत्र और व्यापक समीक्षा" के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा कि इस साल राज्य में होने वाली आख़िरी मौत की सज़ा अब तय योजना के मुताबिक़ नहीं दी जाएगी.

पाइक को मौत की नींद सुलाने की कोशिश का नाकाम होना इस साल टेनेसी में ऐसी पहली घटना नहीं है. मई में 1994 में तीन लोगों के अपहरण और हत्या के दोषी टोनी कैरुथर्स की सज़ा-ए-मौत रोक दी गई थी. उस समय कर्मचारी उसे घातक दवा देने के लिए नस नहीं ढूंढ पाए थे.

टेनेसी सुधार विभाग ने कहा है कि पाइक को घातक इंजेक्शन देने के दौरान सभी प्रक्रियाएं ठीक तरीक़े से की गई थीं.

टेनेसी सुधार विभाग की प्रवक्ता डोरिंडा कार्टर ने टेनेसीयन अख़बार से कहा, "विभाग ने अटॉर्नी जनरल के कार्यालय से मौत की सज़ा के लिए मंज़ूर राज्य के तय और कानूनी प्रोटोकॉल के हर चरण का पालन किया."

उन्होंने कहा, "प्रक्रिया में इस्तेमाल किए गए घातक इंजेक्शन के रसायन लगातार प्रभावी रहे हैं और इस प्रक्रिया में आज शाम जो किया गया, उसके अलावा किसी और प्रक्रिया की अनुमति नहीं है. क्रिस्टा पाइक को एक बाहरी चिकित्सा केंद्र ले जाया गया है."

पाइक की कानूनी टीम ने टेनेसीयन अख़बार को दिए एक बयान में कहा, "आज रात टेनेसी राज्य एक बार फिर कानूनी तौर पर मौत की सज़ा देने में नाकाम रहा."

उन्होंने कहा, "हमें सही साबित होने में कोई खुशी नहीं है. लेकिन पाइक ने जिन मुद्दों को उठाया था, वे सच साबित हुए. इनमें नसों तक पहुंचने में दिक़्क़त, नसों का फट जाना, पेंटोबार्बिटल की ख़राब गुणवत्ता और हालात बिगड़ने पर तुरंत मेडिकल मदद का उपलब्ध नहीं होना शामिल है. यह सब ऐसे प्रोटोकॉल के तहत हुआ, जिसके बारे में बहुत कम जानकारी सार्वजनिक की जाती है."

पाइक के वकीलों ने उसकी फांसी रोकने और घातक इंजेक्शन देने में हुई कथित गड़बड़ी के बाद उसे मेडिकल मदद देने के लिए एक आपातकालीन याचिका दायर की.

जिला जज क्लिफ्टन एल. कॉर्क ने आदेश जारी करते हुए कहा कि "मेडिकल कर्मचारियों ने याचिका में मांगी गई मेडिकल मदद देना शुरू कर दिया है."

एमोरी यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ़ मेडिसिन के प्रोफ़ेसर डॉ. जोएल ज़िवोट ने बीबीसी को बताया कि पाइक की कानूनी टीम ने उन्हें मेडिकल विशेषज्ञ के तौर पर नियुक्त किया था. उन्होंने कहा कि मौत की सज़ा देने की कोशिश के दौरान पाइक के ख़ून में पेंटोबार्बिटल की पर्याप्त मात्रा शायद नहीं पहुंच पाई. इसकी वजह से उनकी सांस रुकने और दिल का काम बंद होने की स्थिति पैदा नहीं हुई.

ज़िवोट ने एक ईमेल में कहा, "यह बहुत संभव है कि उन्हें मेडिकल मदद देने में हुई देरी की वजह से उनके दिमाग़ को नुक़सान पहुंचा हो."

पाइक के वकीलों की ओर से आख़िरी समय में की गई कई कानूनी कोशिशें नाकाम होने के बाद उन्हें घातक इंजेक्शन देने की प्रक्रिया आगे बढ़ी.

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने घातक इंजेक्शन देने पर रोक लगाने की दो अलग-अलग कोशिशों को ख़ारिज कर दिया था.

बुधवार देर रात सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत की ओर से दिन में दी गई मोहलत को पलट दिया. निचली अदालत ने पाइक के मामले में दलीलों पर विचार करने के लिए और समय मांगा था और इसी वजह से मौत की सज़ा पर रोक लगाई थी.

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने पाइक के वकीलों की एक अपील ख़ारिज कर दी थी. वकीलों ने दलील दी थी कि 1996 में पाइक को मौत की सज़ा सुनाने से पहले जूरी को उसके बचपन में हुए यौन शोषण के दस्तावेज़ों और उसके असर से जुड़े सबूतों पर विचार करने का मौक़ा नहीं मिला था.

बचाव पक्ष ने कहा कि टेनेसी राज्य कई सालों तक अदालत में यह दावा करता रहा कि पाइक ने बचपन में यौन शोषण का शिकार होने के बारे में झूठ बोला था.

हालांकि, हाल ही में पाइक को फांसी देने के तरीक़े को लेकर हुई सुनवाई में राज्य ने कहा कि वह इस बात से इनकार नहीं करता कि पाइक बचपन में यौन शोषण और बलात्कार की शिकार हुई थी.

टेनेसी के गवर्नर ने इसी हफ़्ते पाइक की क्षमादान की अपील ख़ारिज कर दी थी. पाइक टेनेसी में इस समय मौत की सज़ा पाने वाली इकलौती महिला थीं.

अपनी क्षमादान याचिका में पाइक ने कहा कि उसका इरादा स्लेमर को पीटने का था, उसे मारने का नहीं. लेकिन वह खुद को रोक नहीं पाई.

एक बयान में उसने कहा, "मैं मानसिक रूप से बीमार 18 साल की लड़की थी. मुझे अपने किए की गंभीरता समझने में कई साल लग गए. और यह मानने में उससे भी ज़्यादा समय लगा कि मैंने कितने लोगों की ज़िंदगी प्रभावित की. मैंने किसी की बेटी, बहन और दोस्त की जान ले ली. अब यह सोचकर मुझे घिन आती है कि मैं ऐसा अपराध कर सकती थी."

1995 में हुई इस हत्या ने टेनेसी के नॉक्सविले में काफ़ी सनसनी पैदा की थी. कोलीन के सीने पर एक ऐसा चिह्न बना हुआ मिला था जिसे शैतानी समूहों से जोड़ा जाता है. हालांकि, पाइक ने खुद यह प्रतीक बनाने से इनकार किया है.

हत्या से पहले पाइक ने कोलीन पर उसका अपमान करने और अपने तत्कालीन प्रेमी को उससे छीनने की कोशिश करने का आरोप लगाया था.

शिविर में रहने वाले दो अन्य लोगों ने बाद में गवाही दी कि पाइक ने हत्या से पहले और उसके बाद इस बारे में शेखी बघारी थी. उन्होंने यह भी कहा कि पाइक ने उन्हें कोलीन की खोपड़ी का एक टुकड़ा दिखाया था.

स्लेमर की मां मार्टिनेज ने सप्ताहांत में कहा था कि उन्होंने पाइक को मिली सज़ा को अमल में आते देखने के लिए दशकों तक इंतज़ार किया है.

उन्होंने एपी को बताया कि एक समूह ने उनके और उनके पति के लिए फ्लोरिडा से टेनेसी जाने का ख़र्च जुटाने में मदद की, ताकि वे पाइक को मरते देख सकें.

मार्टिनेज ने कहा, "ऐसा कोई दिन या एक मिनट भी नहीं गुजरता, जब मैं कोलीन के बारे में न सोचूं. छुट्टियां सबसे मुश्किल समय होती हैं."

1976 में सुप्रीम कोर्ट की ओर से अमेरिका में मृत्युदंड फिर से लागू किए जाने के बाद से अब तक सिर्फ़ 18 महिलाओं को मौत की सज़ा दी गई है. इसके मुक़ाबले 1,663 पुरुषों को मौत की सज़ा दी गई है. यानी अमेरिका में दी गई कुल मौत की सज़ाओं में महिला क़ैदियों की संख्या सिर्फ़ एक फ़ीसदी है.

What to Watch

AI outlook — possibilities, not facts

  • राज्य में इस साल होने वाली आख़िरी मौत की सज़ा तय योजना के मुताबिक़ नहीं दी जाएगी।

    Very likely · Within weeks

Open Questions

  • दूसरे सेट की सिरिंज देने के बाद भी ज़िंदा रहने पर क्या प्रक्रिया अपनाई जाएगी?
  • पाइक को दिए गए पेंटोबार्बिटल की गुणवत्ता कैसी थी?

Related Topics

This article was originally published by BBC हिंदी.

Related Stories

Supreme Court declares preventive detention of Mulla Afroz illegal, fines Uttar Pradesh government Rs 10 lakh
Developing·

Supreme Court declares preventive detention of Mulla Afroz illegal, fines Uttar Pradesh government Rs 10 lakh

The Supreme Court declared the preventive detention of Mulla Afroz in the 2024 Sambhal violence case illegal, citing insufficient evidence and misuse of the National Security Act, and imposed a Rs 10 lakh fine on the Uttar Pradesh government to be paid to the detenu, emphasizing that confessional statements alone cannot justify preventive detention.

Times of India
2 min read
Jammu and Kashmir High Court Panel Rejects CID Denial of Security Clearance Based on Brother's Antecedents
Developing·

Jammu and Kashmir High Court Panel Rejects CID Denial of Security Clearance Based on Brother's Antecedents

A Jammu and Kashmir High Court panel rejected a CID report denying security clearance to an HC staffer, ruling that an employee cannot be denied clearance solely due to his brother's alleged antecedents. The committee found the staffer's conduct and service satisfactory with no adverse material against him, citing a prior HC judgment that liability cannot be fastened on an individual for a relative's conduct without evidence of personal involvement.

Times of India
2 min read